सिसोदिया की गिरफ्तारी के खिलाफ भोपाल में प्रदर्शन, BJP कार्यालय का घेराव करने गए AAP कार्यकर्ता गिरफ्तार

आम आदमी पार्टी के नेताओं ने कहा कि BJP सरकार दिल्ली में आप सरकार द्वारा बनाए गए एजुकेशन मॉडल से घबरा गई है। AAP की बढ़ती लोकप्रियता की वजह से बीजेपी सरकार आप को रोकने का प्रयास कर रही है।

Updated: Feb 27, 2023, 02:06 PM IST

भोपाल। दिल्ली के डिप्टी CM मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के खिलाफ भोपाल में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन देखने को मिला। सोमफर को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता सात नंबर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय का घेराव करने के लिए जा रहे थे। हालांकि, पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें बीच में ही रोक लिया। इसके बाद जब कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड पर चढ़ने की कोशिश की तो पुलिस उन्हें वैन में बैठाकर ले गई।

बता दें, दिल्ली सरकार की शराब नीति में गड़बड़ी के मामले में सीबीआई ने रविवार को पूछताछ के बाद डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार कर लिया था। डिप्टी सीएम सिसोदिया की गिरफ्तारी के विरोध में देश के कई राज्यों में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। इसी विरोध प्रदर्शन की श्रंखला में सोमवार को राजधानी भोपाल में भी आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया।

आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पंकज सिंह ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार दिल्ली में आप सरकार द्वारा बनाए गए एजुकेशन मॉडल से बुरी तरह घबरा गई है। आम आदमी पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता की वजह से भाजपा सरकार आप को रोकने का प्रयास कर रही है। सीबीआई के जरिए आम आदमी पार्टी की आवाज को दबाना चाहती है लेकिन न हम डरेंगे नहीं, न झुकेंगे।

पंकज सिंह ने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश में आए दिन घोटाले होते हैं, कोई जांच नहीं होती। क्योंकि यहां बीजेपी के नेता हैं। विपक्ष की आवाज दबाने के प्रयास हो रहे हैं। जिस तरीके से मनीष सिसोदिया को दिल्ली में गिरफ्तार किया गया। देश में अनोखी घटना घट रही है। मोदी सरकार ने सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर न केवल मनीष सिसोदिया को, बल्कि दिल्ली के 18 लाख गरीब बच्चों के भविष्य को गिरफ्तार किया है।