इंदौर में 500 रुपए के लिए अनाज व्यापारी पर जानलेवा हमला, बदमाशों ने गोदा चाकू, हालत गंभीर
इंदौर के आजाद नगर में 500 रुपए की उधारी को लेकर अनाज व्यापारी आनंद उर्फ मोनू योगी पर दो बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। घायल व्यापारी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर के आजाद नगर क्षेत्र में शनिवार रात एक अनाज व्यापारी पर हुए चाकू हमले से सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, छावनी क्षेत्र के रहने वाला व्यापारी आनंद उर्फ मोनू योगी पर दो बदमाशों ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल आनंद को पहले एमवाय अस्पताल और बाद में नक्षत्र अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां फिलहाल उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि घटना मयूर नगर स्थित एक डेयरी के पास हुई। आनंद वहां सामान लेने गया था तभी उसकी मुलाकात साईं नगर निवासी जय उर्फ बच्चा से हुई। आनंद ने उससे 500 रुपए की उधारी मांगी जिस पर विवाद बढ़ गया। जय ने पैसे देने से मना किया और कुछ देर में लौटने की धमकी देकर चला गया। थोड़ी देर बाद वह अपने एक साथी के साथ वापस आया और दोनों ने आनंद से झगड़ा शुरू कर दिया। झगड़े के दौरान जय ने चाकू निकालकर आनंद के कंधे और छाती पर वार कर दिया जिससे वह लहूलुहान हो गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की लेकिन वे फरार हो गए। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जय उर्फ बच्चा और उसके साथी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह 500 रुपए की उधारी बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




