खंडवा गैंगरेप पीड़िता के परिजनों से राहुल गांधी ने की बात, हरसंभव मदद का दिलाया भरोसा

आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया खंडवा में पीड़ित परिवार से मिलने उनके गांव पहुंचे थे। यहां उन्होंने मोबाइल पर पीड़ित परिवार के सदस्य से राहुल गांधी की बात कराई। राहुल गांधी ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया।

Updated: May 28, 2025, 07:30 PM IST

खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा में आदिवासी महिला से बर्बरता से गैंगरेप और फिर उसकी हत्या की घटना को लेकर पूरे प्रदेश में उबाल है। बुधवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पीड़ित परिवार से बात की है। उन्होंने मृतक महिला के बेटे से घटना के बारे में जानकारी ली और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया बुधवार को खंडवा में पीड़ित परिवार से मिलने उनके गांव पहुंचे थे। यहां उन्होंने मोबाइल पर पीड़ित परिवार के सदस्य से राहुल गांधी की बात कराई। राहुल गांधी ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया। राहुल गांधी ने कांग्रेस विधायक विक्रांत भूरिया से कहा कि आप इन्हें सपोर्ट करें और मदद लगे तो मुझे बताएं।

राहुल गांधी ने गैंगरेप पीड़िता महिला के बेटे से पूछा कि, घटना कैसे हुई, कौन लोग थे, क्या उन्हें जेल हो गई है? इस पर पीड़िता के बेटे ने कहा कि गांव में शादी समारोह था और इसी बीच मां महिला रिश्तेदारों को छोड़ने खेत पर गई थी। उनके साथ गांव के सुनील और हरि ने दुष्कर्म किया और फिर हत्या कर दी। दोनों आरोपी अभी जेल में हैं।

दरअसल, 24 मई को जिले के खालवा थाना क्षेत्र के एक गांव में महिला (45) उसके पड़ोसी के घर में बेहोश हालत में मिली थी। उसे तेज ब्लीडिंग हो रही थी और प्राइवेट पार्ट से बच्चेदानी बाहर निकली थी। महिला ने बेटे-बहू के सामने दम तोड़ दिया था। महिला के परिजनों को बताया था कि पड़ोस में रहने वाले दो युवकों ने उसके साथ गलत काम किया है। पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। आरोपी फिलहाल पुलिस रिमांड पर है।