सागर में रिटायर्ड फौजी ने बेटी भाई और भतीजे पर की फायरिंग, भाई और भतीजे की हुई मौत 

मध्य प्रदेश के सागर में एक महीने में दूसरा ऐसा मामला सामने आ गया जब किसी एक व्यक्ति ने 2 से अधिक लोगों पर जानलेवा हमला किया हो। दोनों ही मामलों में परिवार के लोगों पर हमला किया गया है।

Publish: Sep 01, 2023, 04:50 PM IST

Image courtesy- DB
Image courtesy- DB

सागर। मध्य प्रदेश का सागर जिला इन दिनों अपराध का गढ़ बन गया है। सागर जिले से आए दिन किसी न किसी अपराध की खबर सामने आती रहती हैं। ताजा मामला एक रिटायर्ड फौजी के द्वारा अपने ही परिवार के तीन सदस्यों पर गोली चलाने का है। गोली लगने से तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिसमें से 2 की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है। सागर में बीते एक माह में यह दूसरी घटना है जब किसी ने 2 से ज्यादा लोगों पर जानलेवा हमला किया है।

जानकारी के अनुसार सागर के रहली विधानसभा क्षेत्र के सानौधा थाना अंतर्गत आने वाले लालेपुर गांव में एक रिटायर्ड फौजी गुड्डा तिवारी ने परिवारिक विवाद के चलते अपने भाई राममिलन तिवारी, भतीजे अज्जू तिवारी पर गोलियां बरसा दी। बीच बचाव करने आई बेटी पर भी उसने गोली चला दी। फौजी अपनी पत्नी से बहस के बाद मारपीट पर उतारू हो गया था। जिसके लिए उसके भाई और भतीजे समझाने लगे इसपर नाराज होकर फौजी ने इस घटना को अंजाम दिया।

गोली मारने के बाद फौजी गांव से भाग गया। घटना की जानकारी मिलने पर गांव वालों ने पुलिस को फोन किया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर तीनों लोगों को अस्पताल पहुंचाया जहां इलाज के दौरान भाई और भतीजे की मौत हो गई वहीं उसकी बेटी के पैर में गोली लगने उसकी जान बच गई लेकिन वह गंभीर रुप से घायल हो गई।

पुलिस ने बताया कि आरोपी फौजी को सिविल लाइन थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसका नाम रामाधार (गुड्डा) तिवारी (50 वर्ष) है। रामाधार ने अपने बड़े भाई राममिलन तिवारी (62 वर्ष) और भतीजे अजय तिवारी (36 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं आरोपी ने अपनी बेटी वर्षा (24 वर्ष) पर भी गोली चलाई। बेटी का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस आरोपी के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर उससे पूछताछ कर रही है। 

बता दें सागर जिले में इस तरह का यह दूसरा मामला है। इसके पहले भी सागर में इस तरह का एक मामला सामने आ चुका है। बीते माह 8 अगस्त को सागर के नयागांव में एक युवक ने कुल्हाड़ी से अपने ही परिवार के 4 सदस्यों पर हमला कर दिया था जिसमें युवक के चाचा समेत समेत दो अन्य लोगों की मौत हो गई थी। वहीं 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उस मामले में आरोपी मानसिक रुप से विक्षिप्त था पुलिस ने घटना के दूसरे दिन उसे गिरफ्तार कर लिया था।