Shivraj Singh Chouhan: मंत्री सेट करें अपने Target

MP Cabinet Meeting : सभी मंत्रियों को विभागों को अच्छे तरीके से समझ लेने के निर्देश, मंत्रियों से One to One चर्चा

Publish: Jul 23, 2020, 01:30 AM IST

photo courtesy : bhaskar
photo courtesy : bhaskar

भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार की दो दिवसीय कैबिनेट बैठक का आज पहला दिन था। कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी मंत्रियों को अपने विभागों को अच्छे तरीके से समझ लेने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कैबिनेट बैठक के दौरान अपने मंत्रियों को जुलाई महीने तक अपने विभागों की कार्यप्रणाली और पूरे विभाग के सिस्टम की समझ के साथ साथ आगे कौन से कार्य करने हैं, इसके लिए भी टारगेट सेट करने की ज़िम्मेदारी दी है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि वे अगस्त में हर विभाग की समीक्षा करेंगे। कैबिनेट की दो दिवसीय बैठक में विभागीय जानकारी, रोड मैप और डिलेवरी मैकेनिज़्म पर चर्चा होनी है। मुख्यमंत्री सभी मंत्रियों से वन टू वन चर्चा कर रहे हैं। बैठक में आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश को लेकर भी चर्चा होनी है।

मध्य प्रदेश में 26 सीटों पर निर्णायक उपचुनाव होने हैं। ऐसे में प्रदेश की बीजेपी सरकार उपचुनाव की तैयारियों में जुटी हुई है। जानकारों के मुताबिक़ बीजेपी आगामी उपचुनावों में लोकलुभावन योजनाओं की घोषणा कर चुनावी मैदान में उतरना चाह रही है, जिससे चुनाव प्रचार के दौरान अपने पक्ष में माहौल तैयार कर सके। रेखांकित करने वाली बात यह है कि कांग्रेस के बागी विधायक व वर्तमान में शिवराज कैबिनेट में मंत्री मुन्ना लाल यादव ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर क्षेत्र के लिए 10 करोड़ रुपए की मांग की थी। ज़ाहिर है कांग्रेस  के बागी विधायक उपचुनाव में अपनी जीत को लेकर आश्वस्त नहीं है।

दुष्कर्म का आरोपी पंकज जैन बर्खास्त, नहीं होगी विभागीय जांच 
कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री ने उज्जैन में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के आरोपी पंकज जैन को बर्खास्त करने के आदेश दिए हैं। पंकज जैन के खिलाफ विभागीय जांच भी नहीं की जाएगी। दरअसल पंकज जैन उज्जैन में एक्साइज विभाग के सब इंस्पेक्टर के पद पर पदस्थ था।मंगलवार को उसे नवबालिग लड़की के साथ उज्जैन के मधुबन होटल में दुष्कर्म करते पुलिस ने पकड़ा था।लड़की का आरोप है कि पंकज जैन पिछले दस महीने से उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था।