प्रियंका गांधी पर FIR के खिलाफ भोपाल में NSUI का प्रदर्शन, प्रदेश अध्यक्ष चौकसे सहित कई कार्यकर्ता गिरफ्तार

मध्य प्रदेश में 50 फीसदी कमीशन मामले पर मचा घमसाना, प्रियंका गांधी के खिलाफ एफआईआर के विरोध में एनएसयूआई ने खोला मोर्चा, प्रर्दशन कर रहे एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Updated: Aug 17, 2023, 07:31 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में 50 फीसदी कमीशन मामले पर सियासी घमासान मचा हुआ है। कांग्रेस और भाजपा एक दूसरे के आमने-सामने हैं। भाजपा ने इस मामले में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, पीसीसी चीफ कमलनाथ, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव व अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। कांग्रेस नेताओं पर FIR के विरुद्ध अब छात्र संगठन एनएसयूआई ने मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को राजधानी भोपाल में एनएसयूआई का बड़ा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला।

यह भी पढ़ेंः चुनाव पूर्व एमपी कांग्रेस में बड़ा फेरबदल, जेपी अग्रवाल की जगह सुरजेवाला होंगे स्टेट इंचार्ज

गुरुवार को कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे के नेतृत्व में सैंकड़ों छात्र व कार्यकर्ता पीसीसी मुख्यालय इकट्ठा हुए और नारेबाजी करते हुए सीएम आवास का घेराव करने निकले। हालांकि, रेड क्रॉस अस्पताल चौराहा पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को सीएम आवास जाने से रोकने का प्रयास किया। 

यह भी पढ़ेंः CG Elections 2023: भाजपा ने जारी की 21 उम्मीदवारों की पहली सूची, CM बघेल की सीट से इन्हें बनाया उम्मीदवार

इस दौरान करीब 1 घंटे पुलिस और छात्र नेताओं के बीच तनातनी की स्थिति बनी रही। थोड़ी देर बाद मौके पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को भेजा गया और प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे सहित करीब दो दर्जन कार्यकर्ताओ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, बाद में पुलिस ने सभी को छोड़ दिया।

यह भी पढ़ेंः MP Elections 2023: बीजेपी ने जारी की 39 प्रत्याशियों की पहली सूची, भोपाल उत्तर से आलोक शर्मा और मध्य से ध्रुव नारायण ठोकेंगे ताल

NSUI प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे ने कहा कि, 'मध्य प्रदेश में 50 प्रतिशत कमीशन सरकार चल रही है, ठेकेदारों का शोषण किया जा रहा है। कमीशनखोरी के खिलाफ़ आम जन की आवाज़ उठाने वाले विपक्ष के नेताओं पर कायर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रियंका गांधी, कमलनाथ, अरुण यादव सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं पर 41 जिलों में एक साथ फर्जी एफआईआर दर्ज कराया गया है। भाजपा 41 नहीं 82 फर्जी एफआईआर दर्ज कर ले परंतु कांग्रेस भ्रष्टाचार और अत्याचार के विरुद्ध आवाज़ उठाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।'

यह भी पढ़ेंः सीधी पेशाब कांड के आरोपी की पत्नी की हाईकोर्ट में दलील, CM शिवराज के आदेश पर लगाया गया एनएसए

आशुतोष चौकसे ने आगे कहा, ' एनएसयूआई कांग्रेस नेताओं पर दर्ज हुई फर्जी एफआईआर के विरोध में मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने जा रही थी परंतु भाजपा सरकार की पुलिस द्वारा हमारे कार्यकर्ताओं के साथ बर्बरता की गई। करीब दो दर्जन कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया।' चौकसे ने चेतावनी देते हुए कहा कि शिवराज सरकार यदि नेताओं पर दर्ज एफआईआर तत्काल प्रभाव से रद्द नहीं करेगी तो हम प्रदेशव्यापी आंदोलन करेंगे।