सिवनी में दो लोगों पर बाघ का हमला, एक की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने आधा दर्जन वाहनों में की तोड़फोड़

सिवनी के कुरई के गोंडेगांव में दो लोगों पर रविवार सुबह बाघ ने हमला कर दिया। बाघ के हमले में एक व्यक्ति की मौत से ग्रामीणों में आक्रोश है। एक अन्य व्यक्ति बाघ के हमले में घायल हो गया।

Updated: Dec 11, 2022, 10:13 AM IST

सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में बाघों का आतंक जारी है। रविवार को यहां एक बाघ ने दो लोगों पर हमला कर दिया। इस हमले में एक शख्स चुन्नीलाल पटले की मौत हो गई, वहीं एक अन्य ग्रामीण घायल है। जिसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरघाट में भर्ती कराया गया है। इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने वन विभाग व पुलिस आधा दर्जन वाहनों में तोड़फोड़ कर दी।

मामला सिवनी जिले के धोबी सर्रा सर्किल अंतर्गत गोडेगांव का है। ग्रामीणों का कहना है कि चुन्नीलाल अपने घर के पीछे खड़ा हुआ था। तभी बाघ ने हमला कर दिया। इसी दौरान जब उनके साथी ने उन्हें बचाने की कोशिश की तो बाघ ने पंजा मारकर उन्हें भी घायल कर दिया। स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की जानकारी वन अमले और पुलिस विभाग को दी। 

यह भी पढ़ें: MP में कांग्रेस की सरकार बनते ही बहाल करेंगे ओल्ड पेंशन स्कीम, कर्मचारियों से कमलनाथ का वादा

ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बाद काफी देर तक टीम मौके पर नहीं पहुंची। इसी बात को लेकर ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने प्रशासन पर बाघ को भगाने का आरोप लगाया। गुस्साए लोगों ने पेंच टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक, उपसंचालक, एसडीओ, वन परिक्षेत्र अधिकारी सहित गश्ती दल के वाहनों में तोड़फोड़ कर दी। उन्होंने कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। मोगली अभयारण्य के एसडीओ आशीष पांडे के वाहन को पलटा कर नाले में गिरा दिया। साथ ही अन्य वाहनों को तोड़फोड़ के बाद सड़क पर पलटा दिया। 

इतना ही नहीं पेंच टाइगर रिजर्व के पशु चिकित्सक डॉ.अखिलेश मिश्रा पर लाठियों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। मिश्रा को जबलपुर रेफर किया गया है। एक वनरक्षक के साथ भी ग्रामीणों ने मारपीट की। अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ भी धक्का-मुक्की की जानकारी मिली है। मामला बिगड़ता देख भरी संख्या में पुलिस को गांव में तैनात किया गया है। साथ ही जबलपुर से अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया है।