ट्विशा शर्मा केस: जेल में बंद रिटायर्ड जज गिरिबला सिंह के सूने घर में चोरी, पुलिस से मारपीट कर भागे आरोपी
भोपाल के कटारा हिल्स में ट्विशा शर्मा केस के आरोपी रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह के सूने घर में चोर घुस गए। पुलिस गश्त के दौरान चोरों से सामना हुआ। हाथापाई के बाद आरोपी फरार हो गए।
भोपाल। राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में जेल में बंद रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे अधिवक्ता समर्थ सिंह के सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाया। 27 जून की रात आरोपी घर में घुसे और सोने-चांदी के गहनों के साथ कुछ जरूरी दस्तावेज समेट लिए। हालांकि, गश्त के दौरान पुलिस की नजर पड़ने पर चोरों की भागने की कोशिश नाकाम हो गई।
जानकारी के मुताबिक, चार्ली वाहन से गश्त कर रही पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधि देखकर चोरों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपियों ने पुलिसकर्मियों से हाथापाई की और मौके से फरार हो गए। भागते समय वे चोरी का सारा सामान घटनास्थल पर ही छोड़ गए। जिससे कोई भी कीमती वस्तु उनके साथ नहीं जा सकी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की अन्य टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस का कहना है कि चोर कोई भी सामान अपने साथ ले जाने में सफल नहीं हुए हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि नोएडा निवासी ट्विशा शर्मा की शादी दिसंबर 2025 में भोपाल के समर्थ सिंह से हुई थी। 12 मई को कटारा हिल्स स्थित ससुराल में उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। ट्विशा के परिजनों ने आरोप लगाया था कि शादी के बाद से दहेज की मांग को लेकर उनकी बेटी को प्रताड़ित किया जा रहा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी ट्विशा के शरीर पर चोट और मारपीट के निशान मिलने की बात सामने आई थी। इस मामले की जांच फिलहाल सीबीआई कर रही है। मामले में आरोपी समर्थ सिंह और उनकी मां, रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं।




