कांग्रेस के दो MLAs पर चलती ट्रेन में महिला से बदसलूकी का आरोप, FIR दर्ज

रेवांचल एक्सप्रेस में सफर कर रहे विंध्यक्षेत्र के कांग्रेस विधायकों पर एक महिला यात्री ने अभद्रता के आरोप लगाए हैं। महिला का दावा है कि वे नशे में धुत होकर गाली गलौज कर रहे थे।

Updated: Oct 07, 2022, 01:54 PM IST

भोपाल। रेवांचल एक्सप्रेस में सफर कर रही एक महिला यात्री ने कांग्रेस के दो विधायकों पर अभद्रता के आरोप लगाए हैं। महिला का दावा है कि सतना से कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ सिंह कुशवाहा और कोतमा विधायक सुनील सर्राफ ने नशे में धुत होकर उसके साथ गाली गलौज की। मामले में सागर जीआरपी ने छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया है।

दरअसल, महिला अपने 7 महीने के बच्चे को लेकर अकेली सफर कर रही थी। उसने देर रात अपने पति को फोन लगाया बताया कि उसके साथ नशे में धुत होकर दो लोग बदसलूकी कर रहे हैं। पति ने रेल मंत्री सहित जिम्मेदार अधिकारियों को टैग करते हुए ट्वीट किया। इसके बाद रेलवे अधिकारी हरकत में आए। सागर में ट्रेन के पहुंचने पर महिला के साथ पुलिस बल भेजा गया और उसे बीना आरपीएफ में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कहा गया। बिना से आरपीएफ की एक महिला अधिकारी उसके साथ भोपाल तक आईं। 

महिला ने अपनी शिकायत में लिखा कि वह सात माह के बेटे के साथ छह अक्टूबर को रीवा से रानी कमलापति स्टेशन की यात्रा रेवांचल एक्सप्रेस के फर्स्ट क्लास कम्पार्टमेंट में कर रही थी। रात करीब 11:50 बजे सामने वाली बर्थ पर सफर कर रहे कोतमा विधायक सुनील सराफ और सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने पास वाली बर्थ पर खाना खाया। इस दौरान दोनों नशे में थे। गंदी-गंदी गालियां दे रहे थे। कंधे पर हाथ लगाकर मुझे उठाया। दोनों बुरी नीयत से मुझे देख रहे थे। 

महिला के अनुसार उसने दोनों से अनुरोध भी किया कि बच्चा सो रहा है। जोर-जोर से बात न करें, तब भी दोनों नहीं माने और गाली-गलौज करने लगे। तब उसने अपने पति को घटनाक्रम की जानकारी दी। उनकी शिकायत पर सागर रेलवे स्टेशन पर पुलिस कूपे में आई और सीट बदल दी। जब वह नई सीट पर जाने लगी तब सुनील सराफ ने यह कहा कि आप क्यों परेशान हो रही हो? महिला ने टीटीई और सागर पुलिस को दोनों को उतारने को कहा, लेकिन पुलिस ने ऐसा कुछ नहीं किया। 

मामले में विधायक सिद्धार्थ सिंह कुशवाहा का कहना है कि, 'मैं और विधायक सुनील सर्राफ रेवांचल एक्सप्रेस से भोपाल जा रहे थे। हम लोगों की सीट एच-1 कोच में थी। पहुंचने पर देखा कि महिला मेरी सीट पर लेटी हुई थी। जब मैंने उनको बताया कि यह सीट मेरी है, तो वह झगड़े पर उतर आई। मैं कोच से बाहर आकर अपने गार्ड की सीट पर बैठ गया और कटनी तक मैं कोच में भी नहीं गया। महिला के साथ कोई अभद्रता नहीं की गई है। बल्कि उनको बताया गया था कि जिस सीट पर वो लेटी है, वह सीट मेरी है और मेरी सीट के सामने विधायक सुनील सराफ की सीट थी। लेकिन महिला नहीं मानी और झगड़ा करने लगी।'