कोलंबिया में राष्ट्रपति उम्मीदवार के सिर में मारी गोली, हालत नाजुक, 15 साल का हमलावर गिरफ्तार
कोलंबिया में राष्ट्रपति उम्मीदवार मिगुएल उरीबे को चुनाव प्रचार के दौरान गोली मार दी गई। अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

साउथ अमेरिकी देश कोलंबिया में राष्ट्रपति उम्मीदवार मिगुएल उरीबे को चुनाव प्रचार के दौरान गोली मार दी गई। अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना स्थानीय समयानुसार शनिवार शाम की है।
स्थानीय मीडिया के मुताबिक उरीबे को तीन गोलियां लगी है, इनमें से एक गोली के उनके सिर में लगने की खबर है। उरीबे राजधानी बोगोटा में एक रैली को संबोधित कर रहे थे। कोलंबिया में साल 2026 में राष्ट्रपति चुनाव होने हैं। मिगुएल उरीबे राष्ट्रपति पद के प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। 39 वर्षीय उरीबे विपक्षी सेंट्रो डेमोक्रेटिको कंजर्वेटिव पार्टी के सदस्य हैं।
पार्टी ने बयान जारी कर बताया कि उरीबे को संबोधन के दौरान हमलावर ने पीठ में गोली मारी। बोगोटा के मेयर कार्लोस गलान ने बताया कि यह हमला शहर के फोंतिबोन इलाके में हुआ। उरीबे की हालत को देखते हुए पूरे शहर के अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है।पुलिस ने 15 साल के आरोपी हमलावर को मौके से गिरफ्तार कर लिया है।
उरीबे कोलंबिया की मशहूर पत्रकार डायना टर्बे के बेटे हैं। डायना को 1991 में ड्रग माफिया पाब्लो एस्कोबार के मेडेलिन कार्टेल ने बोगोटा में अगवा कर लिया था।
डायना उस दौर की एक बड़ी पत्रकार थीं, जो ड्रग तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ लगातार लिख रही थीं। बचाव अभियान के दौरान उनकी जान चली गई थी।
मिगुएल उरीबे का रिश्ता बचपन से राजनीति से रहा है। वे पूर्व राष्ट्रपति जूलियो सीजर टर्बे के पोते हैं। जूलियो सीजर टर्बे 1978 से 1982 तक कोलंबिया के 25वें राष्ट्रपति रहे। वह कोलंबियाई लिबरल पार्टी के एक प्रमुख नेता थे। उनकी राजनीतिक विचारधारा लिबरल थी, और वे सामाजिक सुधारों के पक्षधर थे, लेकिन उनकी रूढ़िगत नीतियों ने उन्हें विवादास्पद बनाया।