चुनावी मिशन पर निकले दिग्विजय सिंह का कार्यकर्ताओं को एकता का पाठ, गिले-शिकवे भुलाकर साथ आने का दिया संदेश

मध्य प्रदेश फतह के लिए एक्शन मोड में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, भोपाल के बैरसिया व गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के सेक्टर-मंडलम की बैठक में हुए शामिल, खुद बैठे नीचे, कार्यकर्ताओं को दिया मंच

Updated: Feb 17, 2023, 11:45 AM IST

भोपाल। भारत जोड़ो यात्रा के सफल आयोजन के बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह अब मध्य प्रदेश फतह के लिए एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। राज्य की सत्ता में कांग्रेस की वापसी के लिए पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह आज से प्रदेश की विधानसभाओं के दौरे शुरू कर दिए हैं। जोड़ने की मुहिम में लगे कांग्रेस नेता ने पहले दिन से कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनाव लड़ने की अपील की है।

शुक्रवार को दिग्विजय सिंह भोपाल के बैरसिया व गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के सेक्टर-मंडलम की बैठक में शामिल हुए। बैरसिया में पूर्व सीएम ने जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल द्वारा आयोजित सेक्टर व मंडलम कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक के प्रथम सत्र में बैरसिया विधानसभा के 4 ब्लॉक, 20 मंडलम व 54 सेक्टर के अध्यक्ष शामिल रहे। पूर्व सीएम ने एक-एक मंडलम सेक्टर के अध्यक्षों से उनके बूथ की विस्तृत जानकारी मांगी। सिंह ने अपने क्षेत्रों में अच्छा काम करनेवाले मंडलम सेक्टर के अध्यक्षों को नाम लेकर संबोधित किया और उनके काम की सराहना की। 

पूर्व सीएम ने मंडलम सेक्टर के अध्यक्षों को कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने की हिदायत दी। साथ ही चुनाव के लिए सभी की सक्रियता को जरूरी बताया। उन्होंने सबको अपने अपने पोलिंग बूथ पर ध्यान देते हुए बीजेपी के झूठे प्रचार प्रसार का जबाव देने की भी समझाइश दी। सिंह के संबोधन से पहले भोपाल जिले के प्रभारी मुकेश नायक ने अपने संबोधन में कहा कि अब सभी को चुनाव के हिसाब से अपनी कमर कस लेनी चाहिए व ज़मीनी स्तर पर एक-एक बूथ पर कांग्रेस के लिए मजबूती से काम करना चाहिए।

बैठक के द्वितीय सत्र में सेवादल, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई सहित अन्य  विभागों व प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं की सार्वजनिक बैठक हुई। इस दौरान दिग्विजय सिंह ने अपने चित परिचित अंदाज में कार्यकर्ताओं से कहा कि डरो मत, डटकर जनता के हितों के लिये संघर्ष करो। उन्होंने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं को एकता का पाठ पढ़ाते हुए सभी शिकवे-शिकायत को मिटाकर एकजुटता से पार्टी के लिए काम करने का आव्हान किया। 

खास बात ये है कि दिग्विजय सिंह स्वयं मंच के नीचे बैठे और आम कार्यकर्ताओं को उन्होंने मंच पर स्थान दिया। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि जो भी भाषण देना चाहते हैं वो मंच से आकर अपनी बात रखें। इस दौरान पूर्व मंत्री मुकेश नायक ने राम कथा के कुछ प्रसंग सुनाकर उपस्थित जनसमूह को बताया कि भारतीय जनता पार्टी किस तरह से भ्रम फैलाकर सत्ता का खेल रचती है। 

बता दें कि मध्य प्रदेश में इस साल के आखिरी महीनों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। राज्य की 230 विधानसभा सीटों पर चुनाव से पहले प्रमुख राजनीतिक पार्टियां सक्रिय हो गयी हैं। बीजेपी जनता को लुभाने के लिए प्रदेशभर में विकास यात्रा निकाल रही है तो कांग्रेस ने भी अपनी कमर कस ली है। कांग्रेस हाईकमान ने अपनी सफल यात्रा और जबरदस्त जनाधार का भरपूर उपयोग करने के वास्ते दिग्विजय सिंह को मैदान में उतारा है। प्रदेश में कांग्रेस के हजारों जमीनी कार्यकर्ता उनके दौरे से उत्साहित हैं और कांग्रेस में दोबारा जान लौटने की उम्मीद जता रहे हैं।