चुनाव से पहले हाेगी वीडी शर्मा की होगी छुट्टी, BJP संगठन में बदलाव की अटकलें तेज

केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को तीसरी बार अध्यक्ष बना सकती है बीजेपी, कैलाश विजयवर्गीय और सांसद सुमेर सिंह सोलंकी का नाम भी रेस में शामिल ।

Publish: Jul 03, 2023, 05:40 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष वीडी शर्मा का कार्यकाल खत्म होने के बावजूद अभी तक उन्हें एक्सटेंशन नहीं दिया गया है। इसी बीच अब खबर आई है कि विधानसभा चुनाव से पहले वीडी शर्मा की छुट्टी तय है। सियासी गलियारों में इस बात की अटकलें तेज हो गई है कि इस हफ्ते वीडी शर्मा को पदमुक्त कर दिया जाएगा। 

सूत्रों के मुताबिक मध्य प्रदेश में नए प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर केंद्रीय नेतृत्व अपना फैसला इसी हफ्ते सार्वजनिक करने वाला है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गुजरात, कर्नाटक, तेलंगाना और पंजाब के साथ मध्य प्रदेश संगठन में बदलाव होना तय है। 
एमपी में अध्यक्ष पद की रेस में केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय का नाम सबसे आगे चल रहा है।

यह भी पढ़ेंः इंदौर में कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन, नगर निगम मुख्यालय को घेरा, पुलिस ने चलाए वॉटर कैनन

दरअसल, पिछले दिनों पीएम आवास पर बीजेपी की एक बड़ी बैठक हुई थी। करीब चार घंटे चली बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव, लोकसभा चुनाव के अलावा संगठन और सरकार में फेरबदल को लेकर मंथन किया गया था। इसके बाद से ही केंद्रीय कैबिनेट और बीजेपी के संगठन में फेरबदल की चर्चाएं जोर पकड़ रही हैं। चूंकि, मध्य प्रदेश को लेकर तमाम सर्वे इस बात के संकेत दे रहे हैं कि राज्य में भाजपा का सफाया तय है वहीं कांग्रेस प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने जा रही है।

इन सर्वे रिपोर्ट्स के सामने आने के बाद केंद्रीय नेतृत्व प्रदेश में फेरबदल करने की तैयारी में है। वीडी शर्मा सवर्ण वर्ग से आते हैं। अगर पार्टी उनकी जगह इसी वर्ग से किसी को चुने तो केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर बड़े दावेदार हो सकते हैं। दो बार प्रदेश अध्यक्ष रह चुके तोमर ग्वालियर चंबल अंचल से आते हैं और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के करीबी हैं। ऐसे में उन्हें तीसरी बार अध्यक्ष बनाया जा सकता है।

यह भी पढ़ेंःBJP को उसकी असली जगह दिखाकर रहेंगे, भतीजे की बगावत के बाद सतारा में शरद पवार का शक्ति प्रदर्शन

इसके अलावा प्रदेश अध्यक्ष के लिए राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय का नाम भी चर्चाओं में है। विजयवर्गीय पिछले कुछ समय से प्रदेश की राजनीति से दूर हैं। प्रदेश अध्यक्ष बनाकर उनकी प्रदेश में वापसी हो सकती है। महाकौशल क्षेत्र से आने वाले केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल भी प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए दौड़ में हैं। वे ओबीसी वर्ग से आते हैं और एमपी में ओबीसी वर्ग के मतदाताओं की संख्या 50% से ज्यादा है। हालांकि, बीजेपी से जुड़े सूत्र बताते हैं कि गृहमंत्री अमित शाह उनके नाम पर सहमत नहीं हैं।

यह भी पढ़ेंः महाराष्ट्र सरकार के दिन गिने-चुने बचे हैं, राज्य को जल्द नया सीएम मिलेगा: संजय राउत

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी के नाम की भी चर्चा है। सोलंकी आदिवासी और युवा नेता हैं साथ ही वह मोदी-शाह की पसंद बताए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि चुनाव पूर्व आदिवासी वोटर्स को साधने के लिए बीजेपी ये हथकंडा अपना सकती है। 2018 में हार की वजह आदिवासी वोटबैंक का ही छिटकना माना गया था। ऐसे में बीजेपी सोलंकी को अध्यक्ष बनाकर 22 फीसदी आदिवासी वोटर्स को अपने पाले में लाने की कोशिश कर सकती है।