MP में माफियाओं के हौसले बुलंद, भू माफियाओं ने वन अमले पर किया हमला, रेंजर समेत दर्जनभर वनकर्मी घायल

विदिशा में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने गई वन विभाग की टीम पर लोगों ने लाठी डंडों से हमला कर दिया। जिसमें रेंजर सहित 9 वनकर्मी घायल हो गए।

Updated: Jun 17, 2023, 07:04 PM IST

MP में माफियाओं के हौसले बुलंद, भू माफियाओं ने वन अमले पर किया हमला, रेंजर समेत दर्जनभर वनकर्मी घायल

विदिशा। मध्य प्रदेश में माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। विदिशा में एक बार फिर वन अमले पर हमले की खबर सामने आई है। विदिशा जिले में शनिवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग की टीम पर भू माफियाओं ने हमला कर दिया। जिससे रेंजर संगीता अमलतास सहित 13 वनकर्मी घायल हो गए। 

दरअसल, शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम जीरापुर में वन विभाग की करीब 100 बीघा जमीन पर भू माफियाओं ने कब्जा कर लिया है। इसी जमीन से टीम कब्जा हटाने पहुंची थी। इसी दौरान करीब 150 अतिक्रमणकारियों ने पत्थरों और डंडों से वन विभाग की पूरी टीम पर हमला बोल दिया। जिसमें रेंजर संगीता अमलतास के सिर में गंभीर चोटें आई है और साथी वनकर्मियों को डंडे मार कर घायल कर दिया। 

रिपोर्ट्स के मुताबिक अतिक्रमणकारियों ने महिला वनकर्मियों के साथ भी बदसलूकी की और उनके वर्दी फाड़ दिए। इस हमले में 13 वनकर्म घायल हो गए। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। शमशाबाद थाने में पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच में ले लिया है। अतिक्रमणकारियों को अतिक्रमण हटाने का कई बार वन विभाग ने नोटिस दिया, लेकिन वो अतिक्रमण नहीं हटा रहे थे। इसीलिए आज वन विभाग की टीम अतिक्रमण हटाने गई, तो पूरी टीम पर हमला हो गया। सभी घायलों का इलाज शमशाबाद के सरकारी स्वास्थ्य केंद में चल रहा है।

बता दें कि हाल के दिनों में वन अमले पर हमले की खबरें आम हो गई है। दो हफ्ते पहले ही विदिशा-गुना बॉर्डर पर वन माफियाओं ने फॉरेस्ट विभाग की टीम पर हमला कर दिया था। इस हमले में तीन कांस्टेबल घायल हो गए थे। तस्करों ने फॉरेस्ट डिपार्टमेंट की गाड़ियां भी तोड़ दी थी। स्थिति ये थी कि वनकर्मियों को भागकर अपनी जान बचानी पड़ी थी। वहीं, तस्कर गुना के रास्ते फरार हो गए थे।