सरकार और संगठन में स्थान मिलेगा, नाराज दावेदारों से दिग्विजय सिंह ने की धैर्य रखने की अपील

टिकट नहीं मिलने से नाराज दावेदारों को मनाने आगे आए पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, धैर्य रखने की अपील की, कहा- न्याय अवश्य मिलेगा

Updated: Oct 17, 2023, 05:23 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस ने 144 पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। सूची जारी होने के बाद पार्टी कार्यकर्ता आत्मविश्वास से लबरेज हैं। हालांकि, कुछ जगहों पर टिकट नहीं मिलने पर दावेदारों ने विरोध भी शुरू कर दिया है। नाराज दावेदारों को मनाने के लिए पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह आगे आए हैं। उन्होंने दावेदारों से धैर्य रखने की अपील करते हुए कहा कि उन्हें संगठन और सरकार के सम्मानजनक स्थान मिलेगा।

दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को एक सिलसिलेवार ट्वीट में लिखा, 'मुझे 1985 में राजीव जी ने 38 वर्ष की आयु में मप्र कॉंग्रेस का अध्यक्ष बनाया था। तब से टिकट वितरण प्रक्रिया से जुड़ा रहा हूँ। यह सबसे कठिन काम है। इस चुनाव में लगभग चार हजार उम्मीदवार चुनाव लड़ना चाह रहे हैं। इनमें से केवल 230 का चयन होना है। मापदंड क्या हो सकता है? 
जिला कॉंग्रेस से नाम लिए गए। वरिष्ठ कॉंग्रेस जनों से नाम लिए गए। आईसीसी के सचिवों ने हर विधान सभा क्षेत्र में जा कर कार्यकर्ताओं से चर्चा की। आईसीसी की स्क्रीनिंग कमेटी ने भोपाल में आ कर सभी से मिलने का प्रयास किया।'

दिग्विजय सिंह ने ट्वीट थ्रेड में आगे लिखा, 'निष्पक्षता से हर विधान सभा क्षेत्र का सर्वे करवाया गया। प्रदेश कांग्रेस ने अलग अलग लोगों से सर्वे कराया। फिर प्रयास किया गया की आम सहमति बने। अधिक से अधिक वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया जाए। महिलाओं व युवाओं को अवसर दिया जाए। फिर भी सभी को संतुष्ट करना संभव नहीं है। प्रत्याशियों में असंतोष होना स्वाभाविक है। क्योंकि हर उम्मीदवार यह समझता है केवल वही चुनाव जीत सकता है।'

सिंह दावेदारों से अपील करते हुए लिखते हैं कि, 'जनता बदलाव चाहती है। विकल्प केवल कॉंग्रेस है। जिनको उम्मीदवार नहीं बना पाए हैं उनको संघटन में स्थान दिया जाना चाहिए। आप सभी से विनम्र अपील है आपको जो कहना है वह तथ्यों के आधार पर आईसीसी के महासचिव, सचिव व पर्यवेक्षक जी को लिखित में अपना प्रतिवेदन दें। न्याय अवश्य मिलेगा। यदि सरकार बनती है तो सभी योग्य लोगों को सम्माननीय स्थान पर अवसर मिलना चाहिए। मैं सभी टिकट प्राप्त करने में असफल रहे उम्मीदवारों से अपील करना चाहता हूँ आप धैर्य रखें। हम सभी को मिलजुल कर सरकार बनाना है।'