मप्र में भाजपा सरकार,शिवराज हो सकते हैं सीएम
सवा साल बाद मप्र में भाजपा एक बार फिर सत्ता सूत्र संभालने जा रही है। नई सरकार के गठन को लेकर भाजपा विधायक दल की बैठक शनिवार को होने की संभावना है। प्रदेश में अगले कुछ माह में 25 सीटों पर उपचुनाव होंगे जिसमें भाजपा-कांग्रेस के बीच शक्ति परीक्षण होगा।

भोपाल।
मुख्यमंत्री कमल नाथ के इस्तीफे के बाद भाजपा की नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया है। अब भाजपा सरकार बनाने का दावा पेश करेगी। सूत्रों के अनुसार राज्यपाल सबसे बड़े दल भाजपा से सरकार बनाने का दावा पेश करने को कह सकते हैं। या भाजपा स्व यं सरकार बनाने का दावा पेश कर सकती है। सरकार बनाने के बाद भाजपा विधानसभा में बहुमत साबित करेंगी।
शिवराज चौथी बार बन सकते हैं सीएम
नई सरकार के गठन के संबंध में शनिवार को विधायक दल की बैठक रखी गई है। माना जा रहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भाजपा विधायक दल के नेता चुने जा सकते हैं। यदि ऐसा हुआ तो वे चौथी बार मप्र के मुख्युमंत्री बनेंगे। ऐसा होने पर वे चौथी बार मप्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेनेे वाले पहले व्यक्ति होंगे। भाजपा में केन्द्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, डॉ. नरोत्तम मिश्रा, गोपाल भार्गव आदि को भी मुख्यमंत्री पद का दावेदार माना जा रहा है।
छह महीने के अंदर होंगे 24 सीटों पर उपचुनाव
नई सरकार के गठन के बाद छह माह के अंदर प्रदेश की 24 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होंगे। विधानसभा की 230 सीटों में दो सीट विधायकों के निधन के कारण खाली हुई है। कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्यि सिंधिया भाजपा में जाने के बाद उनके समर्थक 22 विधायकों ने इस्तीफे दे दिए हैं। इस तरह कुल 24 सीटों पर 6 महीने में उप चुनाव होंगे।