तीन बेटियों के साथ कुएं में कूदी मां
रीवा जिले में घरेलू विवाद का मामला।

रीवा में पारिवारिक विवाद में एक 32 वर्षीय महिला ने अपने तीन बच्चों के साथ आत्महत्या का प्रयास किया। बच्चों को लेकर कुएं कूदी महिला को तो बचा लिया गया मगर बच्चों की कुएं में डूबने से मौत हो गई है।
Click कोरोना इफेक्ट : भोपाल में 38 दिनों में 35 आत्महत्याएं
मीडिया खबरों के अनुसार डभौरा थाना की दौरा बस्ती में सुखवंती यादव ने आत्महत्या का प्रयास किया। बताया जाता है उसका अपनी ननद मीरा से विवाद हो गया था। इससे नाराज होकर सुखवंती ने घर के पास स्थित खेत के कुएं में छलांग लगा दी। वह अपने साथ अपनी तीनों बेटियों को भी लेकर गई थी। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। उन्होंने महिला को बाहर निकाल लिया मगर बच्चों को नहीं बचाया जा सका। सुखवंती देवी की 5, 4 और डेढ़ वर्षीय बेटियों की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल सुखवंती का इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार सुखवंती के भाई ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। इस मामले में पुलिस जांच कर रही है। वह महिला पर हत्या का प्रकरण दर्ज करेगी।