पंजाब में 78 खालिस्तान समर्थक गिरफ्तार, अमृतपाल की तलाश अब भी जारी

अमृतपाल के लिए पंजाब में ताबड़तोड़ छापेमारी, सात जिलों की पुलिस ने उस स्थान को घेर रखा है, जहां पर उसके छुपे होने की संभावना है।

Updated: Mar 19, 2023, 10:05 AM IST

पंजाब में खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह की तलाश रविवार को दूसरे दिन भी जारी है। पंजाब पुलिस ने राज्य में उसे ढूंढने के लिए मेगा सर्च ऑपरेशन छेड़ा है। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी है। सात जिलों की पुलिस ने उस स्थान को घेर रखा है, जहां पर उसके छुपे होने की संभावना है। पुलिस ‘वारिस पंजाब दे’ से जुड़े 78 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। 

‘वारिस पंजाब दे’ संगठन के प्रमुख अमृतपाल को शनिवार को गिरफ्तार करने की कोशिश की गई थी मगर वह पुलिस को चकमा देकर निकल गया। उसकी गाड़ी नकोदर में खड़ी मिली। सूत्रों के मुताबिक अमृतपाल का मोबाइल फोन भी इसी गाड़ी में मिला। अमृतपाल की गिरफ्तारी की सूचना शनिवार दोपहर में आई थी मगर देर रात पुलिस की ओर से जारी किए गए ऑफिशियल प्रेस स्टेटमेंट में बताया गया कि वह फरार है। 

यह भी पढ़ें: जिसे खुजली हो मेरे पास आए ऐसी गोली दूंगा कि न तो खुजली रहेगी और न ही खुजली वाला : धीरेंद्र शास्त्री

फिलहाल राज्य के कई जिलों में ताबड़तोड़ छापेमारी चल रही है। जालंधर कमिश्नर कुलदीप सिंह चहल ने कहा कि, 'वारिस पंजाब दे के प्रमुख अमृतपाल सिंह को भगोड़ा घोषित कर दिया गया है। उसकी दो कारों को जब्त कर लिया गया है और उसके गैनमैनों को पकड़ा गया है। उनके हथियारों की वैधता की जांच की जा रही है और मामला दर्ज किया गया है। अमृतपाल सिंह को जल्द गिरफ्तार करने के लिए पंजाब पुलिस के जवान जुटे हुए हैं। अब तक 78 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।'

इधर राज्य में माहौल बिगड़ने की आशंका और अफवाहों को रोकने के मकसद से राज्य में शनिवार दोपहर 12 बजे से मोबाइल इंटरनेट और बल्क SMS सेवाएं 24 घंटे के लिए बंद कर दी गई थी। आज 12 बजे के बाद इंटरनेट सेवाएं चालू होंगी या नहीं, फिलहाल इसे लेकर कोई जानकारी नहीं है।

बता दें कि शनिवार को जालंधर के शाहकोट के गांव महेतपुर के नजदीक अमृतपाल सिंह और उनके साथियों की पुलिस ने घेराबंदी की थी। पुलिस को अमृतपाल सिंह के शाहकोट आने की सूचना मिली थी। इसीलिए पहले से ही मोगा पुलिस ने मोगा और शाहकोट के सारे रास्तों को बंद करके नाका लगा दिया गया था। हालांकि, अमृतपाल भागने ने कामयाब रहा। पुलिस ने पहले उसके छह साथियों को पकड़ा था। शाम को बाकी लोगों को गिरफ्तार किया गया।