दक्षिण अफ्रीका से बेंगलुरु आए दस यात्री हुए लापता, फोन भी कर लिए बंद

बेंगलुरु में स्थानीय डॉक्टर के omicron से संक्रमित पाए जाने के बाद डॉक्टर के संपर्क में पांच अन्य लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं, इस बीच दक्षिण अफ्रीका से लौटे

Publish: Dec 03, 2021, 09:55 AM IST

बेंगलुरु। कोरोना के नए वेरिएंट ने बेंगलुरु में हड़कंप मचा दिया है। कर्नाटक की राजधानी में अफ्रीकी देशों से आए दस यात्री लापता हो गए हैं। जिसके बाद omicron वेरिएंट के फैलाव की आशंका बढ़ गई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लापता होने वाले विदेशी नागरिकों ने अपने फोन बंद कर लिए हैं। जिस वजह से बेंगलुरु प्रशासन के लिए इन लोगों को ढूंढना काफी चुनौती भरा हो गया है। इन सभी यात्रियों की ट्रैवल हिस्ट्री अफ्रीकी देशों से है। 

इससे पहले बेंगलुरु में Omicron वेरिएंट से संक्रमित पाए गए एक व्यक्ति की ट्रैवल हिस्ट्री भी दक्षिण अफ्रीका से जुड़ी हुई थी। हालांकि वह व्यक्ति पिछले हफ्ते ही भारत से जा चुका है। लेकिन नए वेरिएंट से संक्रमित पाए गए एक व्यक्ति स्थानीय डॉक्टर हैं। जिनके संपर्क में आए पांच लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इन लोगों में अब तक omicron वेरिएंट की पुष्टि नहीं हो पाई है। 

दूसरी तरफ कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने इस स्थिति से निपटने के लिए आपात बैठक बुलाई है। राज्य सरकार में स्वास्थ्य मंत्री के सुधाकर भी सरकारी मेडिकल कॉलेज के डीन और मेडिकल सुप्रीटेंडेंट से तमाम पहलुओं पर चर्चा करेंगे। मीडिया में चल रही खबरों के मुताबिक कर्नाटक सरकार वैक्सीन के बूस्टर डोज पर विचार कर रही है। 

वहीं आईसीएमआर के अधिकारियों का दावा है कि कोरोना का नए वेरिएंट से Covaxin का डोज लेने वाले लोगों को कोई खतरा नहीं है। अधिकारियों के मुताबिक Covaxin कोरोना के तमाम स्वरूपों से निपटने में सक्षम इसलिए है क्योंकि उसे कोरोना के मूल वुहान संस्करण के खिलाफ निर्मित किया गया है। हालांकि आईसीएमआर के अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट तौर पर कहा है कि फिलहाल covaxin का omicron वेरिएंट पर परीक्षण नहीं किया गया है, इसलिए लोगों को सतर्कता बरतने की जरूरत है।