पेपर लीक होने के कारण देश भर में सेना की भर्ती परीक्षा रद्द, तीन गिरफ्तार

प्रश्न पत्र लीक होने की जानकारी मिलने पर सेना ने देश भर में रद्द की जनरल ड्यूटी भर्ती परीक्षा, महाराष्ट्र के पुणे में गिरफ्तार तीन लोगों से हो रही पूछताछ

Updated: Feb 28, 2021, 02:10 PM IST

Photo Courtesy : Live Hindustan
Photo Courtesy : Live Hindustan

नई दिल्ली/पुणे। पेपर लीक होने की वजह से आज देश भर में आयोजित सेना की जनरल ड्यूटी भर्ती परीक्षा रद्द करनी पड़ी है। अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया है कि इस सिलसिले में अब तक महाराष्ट्र के पुणे में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुणे पुलिस के मुताबिक पर्चा लीक होने की जानकारी मिलने के बाद महाराष्ट्र में कई ठिकानों पर छापे मारे गए, जिनमें लीक प्रश्नपत्र बरामद हुए हैं। 

पूरे देश में यह परीक्षा आज यानि रविवार 28 फ़रवरी को आयोजित की गई थी। परीक्षा रद्द होने से देशभर में इस परीक्षा में भाग लेने वाले हजारों उम्मीदवारों को निराशा हुई है। एक अधिकारी ने मीडिया से कहा कि सही उम्मीदवार के चयन के लिए भर्ती की प्रक्रिया में किसी भी तरह की गड़बड़ी या भ्रष्टाचार को सेना जरा भी बर्दाश्त नहीं करती। यही वजह है कि पर्चा लीक होने की सूचना मिलने के साथ ही बेहद मुस्तैदी से कार्रवाई की गई।

अधिकारी ने बताया कि जनरल ड्यूटी वाले सैनिकों की भर्ती के लिए आयोजित होने वाली सामान्य प्रवेश परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक होने की भनक शनिवार रात को ही लगी थी, जिसके बाद पुणे की स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त अभियान चलाया गया। इस दौरान जगह जगह छापेमारी की गई, जिसमें लीक प्रश्न पत्र बरामद हुए हैं। इसी दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। सेना ने भर्ती प्रक्रिया को हर तरह से निष्पक्ष और गड़बड़ी मुक्त बनाए रखने के लिए परीक्षा रद्द करने का फ़ैसला किया गया। अधिकारियों के मुताबिक इस मामले में जांच अभी जारी है।