बसवराज बोम्मई ने ली सीएम पद की शपथ, आज से संभालेंगे कर्नाटक की कमान

बसवराज बोम्मई को मंगलवार शाम बीजेपी के विधायक दल की बैठक में नेता चुन लिया गया था, बसवराज येदियुरप्पा सरकार में गृह मंत्री का पद संभाल रहे थे, नए सीएम येदियुरप्पा के करीबी माने जाते हैं

Updated: Jul 28, 2021, 07:37 AM IST

Photo Courtesy: Twitter
Photo Courtesy: Twitter

बेंगलुरु। बसवराज बोम्मई ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। बुधवार को कर्नाटक के नव नियुक्त राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने बसवराज को सीएम पद की शपथ दिलाई। जिसके बाद अब कर्नाटक की कमान अब बसवराज के हाथों में चली गई है। 

बसवराज कर्नाटक के 23 वें मुख्यमंत्री हैं। बसवराज से पहले कर्नाटक की कमान बीएस येदियुरप्पा के हाथों में थी। लेकिन सोमवार को ही येदियुरप्पा ने मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद मंगलवार शाम हुई बीजेपी के विधायक दल की बैठक में बसवराज के नाम पर मुहर लग गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक खुद येदियुरप्पा ने सीएम के तौर पर बसवराज का नाम आगे किया था। 

बसवराज कर्नाटक में येदियुरप्पा के बाद लिंगायत समुदाय के प्रमुख चेहरों में से एक माने जाते हैं। मुख्यमंत्री बनने से पहले बसवराज येदियुरप्पा सरकार में गृह मंत्री का पद संभाल रहे थे। बसवराज येदियुरप्पा के करीबी और चहेते नेताओं में से एक माने जाते हैं।

यह भी पढ़ें : बसवराज बोम्मई होंगे कर्नाटक के नए सीएम

बसवराज ने अपने रानीतिक जीवन की शुरुआत कर्नाटक विधान परिषद के सदस्य के तौर पर की थी। बसवराज दो मर्तबा कर्नाटक विधान परिषद के सदस्य रहे थे। लेकिन 2008 के विधानसभा चुनावों से ठीक पहले बसवराज जनता दल छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए। और इसके बाद से ही लगातार तीन बार निर्वाचित होकर कर्नाटक विधानसभा पहुंचे। 

कर्नाटक में बीजेपी के 2008 से 2013 के कार्यकाल के दौरान बसवराज जल संसाधन मंत्री भी रह चुके थे। बसवराज के पिता एसआर बोम्मई खुद कर्नाटक के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। एसआर बोम्मई संयुक्त मोर्चा की एचडी देवगौड़ा सरकार के दौरान केंद्रीय मंत्री भी रहे थे।