बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के बाहर यूथ कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन, 30 लाख करोड़ के कथित घोटाले की जांच की मांग

4 जून को स्टॉक मार्केट में आए भूचाल को लेकर कांग्रेस ने खोला मोर्चा, देश के सबसे बड़े स्टॉक एक्सचेंज BSE के बाहर यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जोरदार प्रदर्शन, कथित घोटाले की जांच के लिए JPC गठित करने की मांग

Updated: Jun 07, 2024, 06:29 PM IST

मुंबई। चुनाव नतीजों वाले दिन 4 जून को स्टॉक मार्केट में आए भूचाल को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल रखा है। राहुल गांधी के प्रेस कॉन्फ्रेंस के अगले दिन यानी शुक्रवार को यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देश के सबसे बड़े स्टॉक एक्सचेंज BSE के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।

शुक्रवार को बड़ी संख्या में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कथित Stock Market Scam-2024 की जांच के लिए जेपीसी गठित करने की मांग की। यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस दौरान आरोप लगाए कि 30 लाख करोड़ के स्टॉक घोटाले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संलिप्तता है।

इससे पहले गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया था कि ये हिदुस्तान का सबसे बड़ा स्कैम है। राहुल गांधी ने कहा था कि बीजेपी का इंटरनल सर्वे उन्हें 220 सीटें दे रहा था। इंटेलिजेंस ने कहा था सरकार की 200-220 सीटें आ रही हैं। 31 मई को भारी स्टॉक एक्टिविटी थी। उन्होंने केंद्र से पूछा था कि फर्जी पॉलस्टर्स और फॉरेन इन्वेस्टर्स से भाजपा का क्या रिश्ता है?

बता दें कि चुनाव नतीजे आने से पहले एग्जिट पोल्स में भाजपा को लैंडस्लाइड विक्ट्री मिलने की बात कही गई थी। इसके बाद 3 जून को शेयर बाजार में ऐतिहासिक बढ़त देखने को मिली। लेकिन अगले ही दिन शेयर बाजार में भूचाल देखने को मिला और निवेशकों के 30 लाख करोड़ रुपए डूब गए। इसे लेकर अब कांग्रेस केंद्र सरकार व भाजपा पर हमलावर है।