Bihar Election 2025: JDU ने जारी की 44 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट, पार्टी को दलबदलू नेताओं पर भरोसा

इससे पहले बुधवार को 57 कैंडिडेट्स का ऐलान किया गया था। पार्टी इस बार 101 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। सभी सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान हो गया है।

Updated: Oct 16, 2025, 03:23 PM IST

पटना। विधानसभा चुनाव 2025 के लिए जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट में 44 कैंडिडेट्स के नाम शामिल हैं। इससे पहले बुधवार को 57 कैंडिडेट्स का ऐलान किया गया था। पार्टी इस बार 101 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। सभी सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान हो गया है।

गुरुवार को आई दूसरी लिस्ट में तेजस्वी की पत्नी राजश्री की तुलना जर्सी गाय से करने वाले राजबल्लभ की पत्नी विभा देवी को टिकट दिया गया है। बाहुबली आनंद मोहन के बेटे चेतन आनंद को औरंगाबाद के नवीनगर से टिकट दिया गया है। चेतन आनंद 2020 में शिवहर से विधायक बने थे। इस लिस्ट में 9 महिलाओं को शामिल किया गया है। 4 मुस्लिम चेहरों को भी टिकट दिया गया है।

JDU की 101 लिस्ट में कुल 13 महिलाओं को शामिल किया गया है। 37 से ज्यादा सिटिंग विधायक हैं जबकि 12 मंत्री हैं। जदयू ने कुल सीट बंटवारे में जातीय समीकरण का पूरा ख्याल रखा है। 37 पिछड़ा, 22 अति पिछड़ा, 22 सामान्य, 04 अल्पसंख्यक और एक अनुसूचित जनजाति को टिकट दिया गया है।

जेडीयू ने अपनी दूसरी लिस्ट में दलबदलुओं पर भरोसा जताया है। झाझा से दामोदर रावत, नवादा से विभा देवी, बेलागंज से मनोरमा देवी, रफीगंज से प्रमोद कुमार सिंह और नबीनगर से पूर्व सांसद आनंद मोहन के पुत्र चेतन आनंद को टिकट दिया गया है। ये सभी दूसरे दल में थे।

बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए ने रविवार को सीटों के बंटवारे की घोषणा कर दी। इस बंटवारे के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड और भारतीय जनता पार्टी 101-101 सीट पर चुनाव लड़ेगी, जबकि केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) को 29 सीट मिली हैं। पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) और राज्यसभा सदस्य उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा को छह-छह सीटें मिली हैं। वहीं, महागठबंधन में फिलहाल सीट शेयरिंग फार्मूले पर पेंच फंसी हुई है।