निधन के बाद डॉक्टर का तबादला और प्रमोशन, नीतीश राज में ये क्या हो रहा है
बिहार में भगवान भरोसे चल रहा है स्वास्थ्य विभाग, मौत होने के बाद भी डॉक्टर की पदस्थापना, मृतक को बनाया गया शेखपुरा का सिविल सर्जन

पटना। बिहार में स्वास्थ्य विभाग के लापरवाही का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग ने एक मृत डॉक्टर का ट्रांसफर कर उसे सिविल सर्जन बना दिया। बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान आरजेडी विधायक ने इस मामले को सदन में भी उठाया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक बिक्रमगंज के चिकित्सा पदाधिकारी रहे रामनारायण राम का पिछले महीने ही कोरोना संक्रमित होने की वजह से निधन हो गया है। बावजूद इसके स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को आदेश जारी कर मृतक को शेखपुरा ट्रांसफर कर दिया। इतना ही नहीं मृतक डॉक्टर को सिविल सर्जन भी बना दिया गया। आरजेडी ने इस मामले को लेकर नीतीश सरकार पर तीखा हमला किया है। आरजेडी का कहना है कि बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था मृत्यु शैया पर है। पार्टी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और स्वास्थ्य मंत्री मंडल पांडे को निर्लज्ज जोड़ी करार देते हुए कहा, "भ्रष्टाचार और लापरवाही का यह आलम है कि मरणोपरांत भी डॉक्टरों का ट्रांसफर हो रहा है! कोई तालमेल नहीं, कोई सेवाभाव नहीं, कोई जनसरोकार नहीं! बस लूटो, जमकर लूटो!"
बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को मृत्यु शैया पर बिठा चुकी है @mangalpandeybjp और @NitishKumar की निर्लज्ज जोड़ी!
— RJD Sheikhpura (@sheikhpura_rjd) March 9, 2021
भ्रष्टाचार और लापरवाही का यह आलम है कि मरणोपरांत भी डॉक्टरों का ट्रांसफर हो रहा है! कोई तालमेल नहीं, कोई सेवाभाव नहीं, कोई जनसरोकार नहीं!
बस लूटो, जमकर लूटो! pic.twitter.com/M3ziTHM8o6
मामले में आज विधानसभा में शून्यकाल के दौरान आरजेडी विधायक राकेश रौशन ने सवाल उठाते हुए कहा कि यह गंभीर मसला है। वहीं विधान परिषद में भी आरजेडी के सदस्य सुबोध कुमार ने सरकार को इस बात से अवगत कराया। विभाग की लापरवाही उजागर होने के बाद स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि लापरवाही के लिए संबंधित अधिकारी को तलब किया गया है।