बिहार में वोटर लिस्ट वेरिफिकेशन पर संसद में प्रदर्शन, राहुल गांधी ने सत्तापक्ष पर चुनाव चोरी के लगाए आरोप
राहुल गांधी ने कहा कि ये सिर्फ बिहार की बात नहीं है। महाराष्ट्र में भी चीटींग की। हमने चुनाव आयोग से वोटर लिस्ट मांगी, वीडियो मांगे, लेकिन उन्होंने हमें नहीं दिया। सरकार ने वीडियोग्राफी देने का कानून ही बदल दिया। महाराष्ट्र में चुनाव से पहले एक करोड़ नए वोटर जोड़े गए थे।

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के तीसरे दिन बुधवार को भी बिहार में हो रहे वोटर लिस्ट वेरिफिकेशन के मुद्दे पर हंगामा हुआ। लोकसभा में विपक्षी सांसद नारेबाजी करते हुए वेल में चले आए। उन्होंने काले कपड़े लहराए। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने उन्हें शांत रहने की अपील की। लोकसभा की कार्यवाही 20 मिनट तक चली, पहले दोपहर 12 बजे, फिर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।
बिहार में मतदाता सूचियों के स्पेशल इंटेसिव रिविजन (SIR) मुद्दे पर संसद के मकर द्वार पर भी विपक्ष ने प्रदर्शन किया। लगातार दूसरे दिन प्रदर्शन में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी शामिल हुए। उनके साथ प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव भी नजर आए। राहुल, अखिलेश ने गले में काली पट्टी डालकर विरोध में हिस्सा लिया। AAP सांसद संजय सिंह ने राज्यसभा में SIR के ‘संवैधानिक और चुनावी निहितार्थों’ पर चर्चा के लिए प्रस्ताव का नोटिस दिया है। इस पर आज चर्चा हो सकती है।
मकर द्वारा पर प्रदर्शन के दौरान नेता विपक्ष राहुल गांधी ने मीडिया से कहा कि ये सिर्फ बिहार की बात नहीं है। महाराष्ट्र में भी चीटींग की। हमने चुनाव आयोग से वोटर लिस्ट मांगी, वीडियो मांगे, लेकिन उन्होंने हमें नहीं दिया। सरकार ने वीडियोग्राफी देने का कानून ही बदल दिया। महाराष्ट्र में चुनाव से पहले एक करोड़ नए वोटर जोड़े गए थे। राहुल गांधी ने कहा कि कर्नाटक में हमने रीसर्च की है और भयंकर चोरी पकड़ी है। मैं ब्लैक एंड व्हाईट में आपको और इलेक्शन कमीशन को बता सकता हूं कि कहां और कैसे चोरी की जा रही है।
नेता विपक्ष ने कहा कि BJP का गेम हम समझ गए हैं। हमने कर्नाटक में एक निर्वाचन क्षेत्र चुना और उसे पूरी तरह से समझा। 6 महीने लगे और हमने इलेक्शन चोरी करने का इनका सारा सिस्टम समझ लिया है।
कैसे नए वोटर बनते हैं? कौन वोट करता है? कहां से वोट होता है? ये पूरा सिस्टम हमें मालूम चल गया है और ये बात इनको समझ आ गई है कि हमने इनकी चोरी पकड़ ली है। इसलिए अब ये बिहार का पूरा का पूरा सिस्टम नए तरीके से कर रहे हैं। ये वोटर डिलीट करेंगे और नए तरीके से वोटर लिस्ट बनाएंगे। हिंदुस्तान में इलेक्शन चोरी किए जा रहे हैं। ये सच्चाई है हिंदुस्तान की।
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा, चुनाव आयोग बिहार में वोटबंदी का काम कर रहा है। यह केवल पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की सहमति से ही हो सकता है। हम चाहते हैं कि पीएम मोदी SIR की चर्चा में भाग लें। वहीं, RJD सांसद मनोज झा ने कहा, हमें जो कहना है, वो यहां और कोर्ट में भी कहेंगे। जब किसी पार्टी के इशारे पर ऐसा किया जाएगा तो लोकतंत्र लहूलुहान होगा। क्या सत्ताधारी पार्टी चुनाव आयोग की प्रवक्ता बन गई है?