बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान में बदला बिपरजॉय, गुजरात में सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए 8 हजार लोग

तूफान के चलते गुजरात और मुंबई के तटीय इलाकों में आंधी-बारिश का दौर जारी है, जिसमें पांच लोगों की मौत की खबर है। कच्छ-सौराष्ट्र में समुद्र तट से 10 किलोमीटर की सीमा में स्थित गांवों के 23 हजार लोगों को आज से शिफ्ट किया जाएगा।

Updated: Jun 13, 2023, 02:11 PM IST

अरब सागर में उठा चक्रवाती तूफान बिपरजॉय तेजी से भारत के तटीय इलाकों की तरफ बढ़ रहा है। गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, केरल में इस तूफान का असर दिखना शुरू हो गया है। समंदर से ऊंची लहरें उठ रही हैं। खतरे को देखते हुए तीनों राज्य सरकारें अलर्ट मोड पर है।

बिपरजॉय तूफान 15 जून की दोपहर को कच्छ जिले के जखौ पोर्ट से टकराने वाला है। इस दौरान 150 किमी/घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। तूफान के चलते गुजरात और मुंबई के तटीय इलाकों में आंधी-बारिश का दौर जारी है, जिसमें पांच लोगों की मौत की खबर है।

गुजरात के तटीय जिलों- कच्छ, पोरबंदर, द्वारका, जामनगर, जूनागढ़ और मोरबी के तूफान प्रभावित इलाकों से लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। अभी तक 8000 लोगों को शिफ्ट किया जा चुका है। कच्छ-सौराष्ट्र में समुद्र तट से 10 किलोमीटर की सीमा में स्थित गांवों के 23 हजार लोगों को आज से शिफ्ट किया जाएगा।

इसके साथ ही मछुआरों को मछली पकड़ने के लिए समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है और बंदरगाहों पर चेतावनी के संकेत लगा दिए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि कच्छ जिले के तटीय इलाकों में धारा 144 लागू कर दी गई है और सभी स्कूल एवं कॉलेज 15 जून तक बंद कर दिए गए हैं।

एशियाई शेरों के लिए प्रसिद्ध गिर के जंगल पर इस तूफान का असर पड़ता दिख रहा है। यहां समुद्र तट से नजदीक 100 शेरों का स्थायी निवास है। इन शेरों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। 300 ट्रैकर्स के जरिए शेरों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। ट्रैकर्स के जरिए शेरों पर आने वाले संभावित खतरे को पहले ही भांपा जा सकेगा। इससे समय रहते हुए शेरों की जान बचाई जा सकेगी।

खतरे को देखते हुए तूफान के दौरान किसी को भी को गिर जंगल में न जाने की अपील की गई है। देवलिया पार्क को इस तूफान के खत्म होते ही खोला जाएगा। बता दें कि गिर जंगल से तौकते तूफान से काफी पेड़ गिर गए थे। ऐसे में प्रशासन इस बार पहले से ही सतर्क है। खतरे को भांपते हुए गिर सफारी को पहले ही बंद कर दिया गया है।