मोदी सरकार पर कांग्रेस का चौतरफ़ा हमला, इकॉनमी से लेकर अपराध तक हर मसले पर घेरा
कांग्रेस का आरोप मोदी राज में लगातार बदतर हुए हैं देश के हालात, हर क्षेत्र में आंकड़े देकर लगाया नाकामी का आरोप

नई दिल्ली। भयानक मंदी में घिरी देश की अर्थव्यवस्था के बीच कांग्रेस ने मोदी सरकार के कामकाज पर बेहद गंभीर सवाल खड़े किए हैं। इक़ॉनमी से लेकर अपराध और पर्यावरण से लेकर नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों तक, आम लोगों की ज़िंदगी को प्रभावित करने वाले तमाम मसलों पर कांग्रेस ने मोदी सरकार को पूरी तरह नाकाम बताया है। वो भी अपने आरोपों के समर्थन में तमाम आँकड़े पेश करते हुए। इन आंकड़ों के ज़रिये कांग्रेस ने यह दिखाने की कोशिश की है कि मोदी के राज में देश के हालात हर मोर्चे पर पहले से काफ़ी ख़राब हो गए हैं। कुल मिलाकर कांग्रेस ने यह साबित करने की कोशिश की है कि नरेंद्र मोदी भले ही अच्छे दिन लाने का वादा करके सत्ता में आए हों, लेकिन पिछले क़रीब साढ़े छह साल के दौरान देश की हालत सुधरने की बजाय लगातार बिगड़ी ही है।
अपराध में भारी बढ़ोतरी का आरोप
कांग्रेस ने सवाल उठाया है कि 56 इंच का सीना किस काम का अगर देश के लोगों की अपराध और हिंसा से रक्षा न की जा सके? पार्टी ने आरोप लगाया है कि बीजेपी सरकार अपने कार्यकाल के दौरान क़ानून-व्यवस्था बनाए रखने में बुरी तरह नाकाम रही है। कांग्रेस ने ट्विटर पर लिखा है, “भाजपा सरकार में सिर्फ अर्थव्यवस्था ही नहीं बल्कि कानून व्यवस्था भी नष्ट हुई है। देश में अपराध के मामलों में बेतहाशा वृद्धि हो रही है। देश असुरक्षित हाथों में है।” इस ट्वीट के साथ ही कांग्रेस ने देश में बढ़ते अपराध का विवरण देने वाला एक टेबल भी शेयर किया है जिसे NCRB के आंकड़ों के आधार पर तैयार किया गया है
भाजपा सरकार में सिर्फ अर्थव्यवस्था ही नहीं बल्कि कानून व्यवस्था भी नष्ट हुई है। देश में अपराध के मामलों में बेतहाशा वृद्धि हो रही है। देश असुरक्षित हाथों में है। pic.twitter.com/ie3PRVS6LG
— Congress (@INCIndia) November 15, 2020
अर्थव्यवस्था का दिवाला निकल गया
कांग्रेस ने ये आरोप भी लगाया है कि मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों ने देश की अर्थव्यवस्था और जनता का दिवाला निकाल दिया है। मोदी राज में अर्थव्यवस्था निरंतर डगमगा रही है। हर तरफ रोजगार जा रहे हैं, उद्योग-धंधे ठप्प हो रहे हैं। जीडीपी में भारी गिरावट आई है तो रुपया भी लगातार कमज़ोर हुआ है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि मोदी राज में सेवा, विनिर्माण, व्यापार, होटल, परिवहन और संचार हर क्षेत्र में मंदी है। हर क्षेत्र का दिवाला निकला हुआ है। मोदी सरकार की नीतियों ने देशवासियों का दिवाला निकाल कर दिवाली का हर्षोल्लास कम कर दिया है। अपने इस आरोप के समर्थन में भी कांग्रेस ने यूपीए राज और मोदी राज की तुलना करने वाले आँकड़े पेश किए हैं।
मोदी राज में सेवा, विनिर्माण, व्यापार, होटल, परिवहन और संचार हर क्षेत्र में मंदी है। हर क्षेत्र का दिवाला निकला हुआ है। मोदी सरकार की नीतियों ने देशवासियों का दिवाला निकाल कर दिवाली का हर्षोल्लास कम कर दिया है। pic.twitter.com/C1MrfWVjGY
— Congress (@INCIndia) November 15, 2020
आसमान छू रही है महंगाई
इसके साथ ही कांग्रेस ने मोदी राज में महंगाई बेतहाशा बढ़ने का आरोप भी लगाया है। अपने इस आरोप को साबित करने के लिए भी कांग्रेस ने खाने-पीने की ज़रूरी चीजों की क़ीमतों के कुछ आँकड़े पेश किए हैं, जो बताते हैं कि मोदी राज में उनके दाम कितने बढ़ गए हैं।
वह भी कोई दौर था, यह भी कोई दौर है। कांग्रेस सरकार के समय देश की जनता हर्षोल्लास से दिवाली मनाया करती थी; बीजेपी सरकार ने महंगाई से जनता का दिवाला निकाल दिया है। pic.twitter.com/gI7FG8NlNs
— Congress (@INCIndia) November 15, 2020
इसके अलावा कांग्रेस ने मोदी सरकार के राज में पेट्रोल-डीज़ल की बेतहाशा बढ़ी क़ीमतों का मसला भी उठाया है। साथ ही यह आरोप भी लगाया है कि ईंधन का महंगा होना भी ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री में गिरती डिमांड की एक प्रमुख वजह है।
गरीबी के खिलाफ लड़ाई कमज़ोर हुई, लोकतांत्रिक अधिकारों की स्थिति भी खराब
इतना ही नहीं, कांग्रेस ने लोकतंत्र और ग़रीबी दूर करने के मोर्चे पर भारत की स्थिति पहले से काफ़ी ख़राब हो जाने के मसले पर भी मोदी सरकार को घेरा है। कांग्रेस ने ग्लोबल हंगर इंडेक्स यानी भुखमरी से निजात पाने और डेमोक्रेसी इंडेक्स यानि जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों की सुरक्षा के मामले में भारत की ग्लोबल रैंकिंग में आई गिरावट का मसला भी उठाया है।
When a Govt CARES for the basic needs, rights & freedoms of citizens, it shows. pic.twitter.com/G6n0khVNfa
— Congress (@INCIndia) November 15, 2020
देश में नफरत का माहौल बनाने का आरोप
ऐसे तमाम मुद्दों पर मोदी सरकार को घेरने के बाद कांग्रेस ने देश में डर और नफ़रत का माहौल बनाने का आरोप भी बीजेपी पर लगाया है। कांग्रेस ने ट्विटर पर लिखा है, “भाजपा देश में नफरत और डर का माहौल स्थापित कर रही है। हम सबको मिलकर इस नफरत और डर से लड़ना है। इस नफरत को मिटा कर देश को खुशहाल बनाना है।”
भाजपा देश में नफरत और डर का माहौल स्थापित कर रही है। हम सबको मिलकर इस नफरत और डर से लड़ना है। इस नफरत को मिटा कर देश को खुशहाल बनाना है। pic.twitter.com/iDuEeq7B6V
— Congress (@INCIndia) November 15, 2020
इसके साथ ही कांग्रेस ने मोदी राज में प्रेस की आज़ादी के मामले में देश की स्थिति लगातार खराब होने का आरोप भी लगाया है। अपने इस आरोप के समर्थन में कांग्रेस ने वर्ल्ड प्रेस फ्रीडम इंडेक्स में भारत की रैंकिंग में आई तेज़ गिरावट का आंकड़ा पेश किया है।
कांग्रेस ने दिवाली के अगले दिन आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर जिस तरह मोदी सरकार को घेरा है, उससे आने वाले दिनों में उसके तेवर की झलक मिलती है। साथ ही इन हमलों के ज़रिए कांग्रेस ने यह भी दिखाया है कि मध्य प्रदेश के उपचुनाव और बिहार के विधानसभा चुनाव में हार के बावजूद उसके हौसले कमज़ोर नहीं पड़े हैं।