मिजोरम में 150 बच्चों को कोरोना संक्रमण, तीसरी लहर की आहट से दहशत में लोग

नार्थ ईस्ट में बढ़ रहा कोविड संक्रमितों का आंकड़ा मिजोरम में 807 और अरुणाचल प्रदेश में 508 लोग मिले संक्रमित, नए मरीजों में 150 बच्चे भी शामिल, जबकि एम्स के डॉक्टर कर रहे स्कूलों को खोलने की वकालत

Updated: Jul 20, 2021, 12:09 PM IST

Photo Courtesy: Business Standard
Photo Courtesy: Business Standard

देश में कोरोना का खतरा एक बार फिर बढ़ने लगा है, जहां देश के अन्य राज्यों में संक्रमितों की संख्या कम हो रही है, वहीं दूसरी ओर नार्थ ईस्ट में मरीजों के मिलने का सिलसिला फिर से शुरु हो गया है। मंगलवार को मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश मामलों में बढ़ोतरी हुई है। मिजोरम में 807 लोग संक्रमित मिले हैं। वहीं अरूणाचल प्रदेश में 508 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। केरल और महाराष्ट्र में भी अन्य राज्यों की अपेक्षा ज्यादा मरीज मिले हैं। जिससे स्वास्थ्य विभाग की चिंताएं बढ़ गई हैं।

मिजोरम में 807 नए मरीजों की पुष्टि के बाद कुल संक्रमितों की संख्या 28,295 तक पहुंच गई हैं। मंगलवार को मिले नए मरीजों में 150 से ज्यादा बच्चे शामिल हैं। इतनी बड़ी संख्या में बच्चों के संक्रमित होने से प्रशासन में हडकंप मच गया है। बीते 24 घंटों में कोरोना संक्रमित 2 मरीजों ने दम तोड़ा है। जिसके बाद कोरोना संक्रमितों की संख्या 125 हो गई है। मिजोरम में कोरोना एक्टिव 6482 मरीज है, जबकि 21,698 से ज्यादा लोग कोरोना को मात दे चुके हैं। मिजोरम में पॉजिटीविटी रेट 10.85 प्रतिशत है।

 

मिजोरम की राजधानी आइजोल में 550 नए संक्रमित मरीज मिले हैं, जबकि लुंगलेई 103, कोलासिब जिले में 56, लवंगतलाई जिले में 27, ममित जिले में 23 और चंफाई जिले में 20 संक्रमित मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि नए रोगियों में से 13 की ट्रेवल हिस्ट्री है, जबकि 537 मरीज संक्रमितों के संपर्क में आने से संक्रमित हुए। मंगलवार को मिले मरीजों में से 443 लोगों में कोरोना के लक्षण भी नजर आए हैं। प्रदेश में रिकवरी रेट 76.64 प्रतिशत है।

वहीं अरुणाचल प्रदेश में भी कोरोना विस्फोट हुआ है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को 508 नए मरीजों मिले हैं, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या 43,328 हो गई है। 24 घंटों में एक 80 वर्षीय बुजुर्ग की मौत के साथ यहां कोरोना से मरने वालों की संख्या 203 हो गई है। सबसे ज्यादा मरीज राजधानी ईटानगर से मिले हैं। यहां 140 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एक्टिव मरीजों की कुल संख्या 4260 है और कुल 38,865 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। प्रदेश में कोरोना संक्रमण दर 7.73 प्रतिशत है।

और पढ़ें:कोरोना पर बुलाई सर्वदलीय बैठक में नहीं शामिल होगी कांग्रेस,सांसदों के सामने की चर्चा की मांग

वहीं कोरोना की तीसरी लहर की आशंका की वजह से देश के 8 राज्यों में लॉकडाउन जैसे प्रतिबंध अब भी लगे हुए हैं। जिनमें पश्चिम बंगाल, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी के साथ-साथ झारखंड, ओडिशा, तमिलनाडु और हिमाचल प्रदेश,   शामिल हैं। भारत का पॉजिटिविटी रेट 1.68 प्रतिशत है। वहीं देश का रिकवरी रेट 97.37 फीसदी हो गया है। बीते 24 घंटों में देश में कोरोना के 30,093 मरीज मिले थे, जबकि 374 मरीजों की मौत हुई है।

देश में कुल कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 3 करोड़ 11 लाख,74 हजार, 322 हो गया है। अब तक कोरोना से 4 लाख 14 हजार 482 मरीजों की मौत हो गई है। देश भर में 41 करोड़18 लाख,46 हजार,401 लोगों को वैक्सीन लग चुकी है। इसी बीच देश के जानेमाने डॉक्टर और दिल्ली एम्स के निदेशक डॉक्टर गुलेरिया के उस बयान के बीच जिसमे उन्होंने कहा है कि देश के बच्चों की इम्यूनिटी स्ट्रांग है, वे कोरोना से खुद ही रिकवर हो रहे हैं, ऐसे में उन्होंने बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए स्कूल खोलने की वकालत की है। लेकिन बड़ी संख्या में  कोरोना संक्रमित बच्चों के मिलने से उनकी इस मंशा पर पानी फिरता नजर आ रहा है।