किसान आंदोलन का तीसरा दिनः प्रदर्शनकारियों ने टोल फ्री कराए, पंजाब में 4 घंटे का रेल रोको अभियान

किसान नेता सरवण सिंह पंधेर की खुली चेतावनी, कहा- केंद्र सरकार को हमारी आवाज सुननी पड़ेगी, अन्यथा जो होगा ठीक नहीं होगा।

Updated: Feb 15, 2024, 01:10 PM IST

MSP की गारंटी व अन्य मांगों को लेकर किसानों के दिल्ली कूच का आज तीसरा दिन है। भाजपा सरकार के तमाम हथकंडों को नाकाम करते हुए हजारों की संख्या में किसान हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर डटे हुए हैं। तीसरे दिन किसानों ने पंजाब में कई जगहों पर टोल फ्री करवा दिए हैं। वहीं, दोपहर 12 बजे से रेल रोको अभियान भी शुरू है।

किसानों ने आज पंजाब के 6 जिलों में 12 बजे से 4 बजे तक रेल रोकने का ऐलान किया है। पटियाला में रेलवे ट्रैक पर किसान बैठे दिखे। होशियारपुर के चौलांग टोल प्लाजा को फ्री करवाकर बैठ गए हैं।रूपनगर के सोलख्या टोल प्लाजा को भी किसानों ने फ्री कराया है। लुधियाना के दाखा में चोकीमान टोल प्लाजा को फ्री करवाने के लिए किसान इकट्‌ठा हुए।

शंभू बॉर्डर पर सरवण पंधेर ने गुरूवार सुबह प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हरियाणा में आज प्रदर्शन तेज होने वाला है। पंधेर ने कहा कि पुलिस ने हम पर मिलिट्री के इस्तेमाल करने वाले बम बरसाए। इनमें एक शेल एयर ब्रस्ट करता है, जिससे जख्म होता है। पुलिस इनका इस्तेमाल नहीं करती। दूसरा स्मोक शेल ग्राउंड ब्रस्ट वाला है, यह हाई एक्सप्लोजन वाले होते हैं। हम पर एक्सपायरी बम इस्तेमाल किए गए हैं ताकि रिकॉर्ड में कोई बम न दिखाना पड़े। किसानों पर SLR राइफल की गोली चलाई गई। पुलिस अपने रिकॉर्ड में सिर्फ प्लास्टिक की ही बुलेट दिखाएगी।

उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली जाना हमारे लिए इज्जत का सवाल नहीं है। मांगे मनवाना जरूरी है। सरकार मणिपुर की तरह हमें कुचलना चाहती है। देश में 60% किसान-मजदूरों की आबादी है। हमें दुश्मन न समझा जाए। भारत का नागरिक मानकर मांगे मानी जाएं।
इतना कुछ होने के बाद भी हम शांत बैठे हुए हैं। हम उम्मीद करते हैं कि हमारा संवैधानिक हक हमें दिया जाए। हमारे साथ क्रूरता भरा रवैया सब्र के परे है, फिर भी हम सब्र कर रहे हैं और हमने हमेशा वार्ता का रास्ता खुला रखा है। लोग सब देख रहे हैं और 60 प्रतिशत आबादी को दबाना आसान नहीं है।