भारत में तेज़ हुई कोरोना इंफ़ेक्शन के फैलने की रफ़्तार, एक दिन में 20 हजार से ज़्यादा मामले आए

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देशभर में कोरोना टीकाकरण 2.5 करोड़ को पार कर गया है, बुधवार को ही वैक्सीन के 9.22 लाख डोज लगाए गए

Updated: Mar 11, 2021, 09:54 AM IST

googel
googel

दिल्ली। भारत मे कोरोना वायरस का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से दी गयी जानकारी के मुताबिक गुरुवार को देश भर में कोरोना वायरस संक्रमण की संख्या 22,854 नए मामले आये हैं। अब तक यह आंकड़ा 1 करोड़ 12 लाख 85 हज़ार से ज्यादा हो गया है। मंत्रालय ने कहा कि सक्रिय मामलों की संख्या में 4628 की बढ़ोत्तरी हुई है। देश भर में कोरोना संक्रमण के 1 लाख 89 हज़ार 226 एक्टिव केस हैं। 24 घंटे में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या 126 है, जिन्हें मिलाकर अब तक यह महामारी देश में 1 लाख 58 हज़ार 189 लोगों की जान ले चुकी है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि कोरोना के सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र, केरल, पंजाब, कर्नाटक, गुजरात, तमिलनाडु से आए। कोरोना के 83 फीसदी से ज्यादा केस इन प्रदेशों में ही सामने आए हैं। देश भर में सबसे ज्यादा कोरोना के मामले महाराष्ट्र से आए हैं। बुधवार को राज्य में एक दिन में सबसे अधिक 13,659 मामले आए। इन्हें मिलाकर राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 22 लाख 52 हजार से ज्यादा हो गयी है। 

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि देशभर में कोरोना टेस्ट का कुल आंकड़ा 22 करोड़ को पार कर गया है। डेली पॉजिटिव रेट 2.43 प्रतिशत रही है। देशभर में कोरोना टीकाकरण 2.5 करोड़ को पार कर गया है। बुधवार को ही वैक्सीन के 9.22 लाख डोज लगाए गए। एक रिपोर्ट के अनुसार बुधवार शाम तक 2 करोड़ 52 लाख 89 हज़ार से ज्यादा वैक्सीन्स की खुराक दी गई है।