डेब्यू फिल्म रिलीज होने से पहले अभिनेता ने की खुदकुशी

मशहूर अभिनेता दुनिया विजय ने जताया दु:ख, कहा वह पहली मुलाकात में ही हीरो की तरह लगे थे

Publish: Jul 09, 2020, 08:06 AM IST

मुंबई। बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के मौत को अभी चार हफ्ते भी नहीं हुए हैं कि एक और अभिनेता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। कन्नड़ टीवी सीरियल 'अंतपुरा' के लीड एक्टर रहे सुशील गौड़ा ने मंगलवार 7 जुलाई को आत्महत्या कर ली है। 30 वर्षीय सुशील अंतपुरा में निभाए अपने दमदार अभिनय के कारण फैंस के बीच काफी लोकप्रिय थे वहीं जल्द ही उनकी डेब्यू फिल्म 'सलगा' आने वाली है जिसमें वह पुलिस की भूमिका में हैं। सुशील की मौत की खबर आने के बाद उनके साथी कलाकार हैरान हैं। फिलहाल उनके मौत के कारणों की जानकारी नहीं है।

लोकप्रिय कन्नड़ टेलिविजन स्टार सुशील गौड़ा की असामयिक निधन से उनके चाहनेवालों और सहकर्मियों को धक्का लगा है। अभिनय के अलावा सुशील एक प्रमाणित फिटनेस ट्रेनर भी थे। वह कन्नड़ फिल्मों में अपना जगह बनाना चाहते थे जिसके लिए वह लगातार मेहनत कर रहे थे। उन्होंने कर्नाटक के मंड्या स्थित अपने घर में आत्महत्या की है। सुशांत की मौत पर मशहूर अभिनेता दुनिया विजय ने दुख व्यक्त किया है। 

विजय ने फेसबुक पोस्ट में लिखा, 'जब मैंने पहली बार उन्हें देखा था तो मुझे वह हीरो की तरह लगे थे। फिल्म रिलीज होने से पहले ही वो हमें बहुत जल्दी छोड़ कर चले गए। आत्महत्या करना किसी समस्या का हल नहीं है। मुझे लगता है कि इस साल मौत का सिलसिला नहीं रुकेगा। केवल कोरोना वायरस की वजह से यह नहीं हो रहा है। लोगों की नौकरियां जा रही हैं। उनमें विश्वास की कमी है। इस वक्त मजबूत होकर रहना है, जिससे इस मुश्किल घड़ी से निकल जाएं।' सुशील ने 'सलगा' फ़िल्म में विजय के साथ स्क्रीन किया था। 

सुशील के डेब्यू टीवी शो अंतपुरा के डायरेक्टर अरविंद कौशिक ने भी उनके अचानक चले जाने पर दुख जताया है। अरविंद ने फेसबुक पर लिखा, 'बेहद दुखद खबर की जानकारी मिली है। सुशील गौड़ा जिन्होंने मेरे द्वारा निर्देशित धारावाहिक अंतपुरा में मुख्य किरदार निभायी थी वह अब इस दुनिया में नहीं हैं। आपकी आत्मा को शांति मिले।'