Priyanka Gandhi: 100 दिन BJP के अहंकार के, किसानों पर प्रहार के, झूठ और किसानों के तिरस्कार के

कृषि कानूनों के खिलाफ जारी किसान आंदोलन के समर्थन में राहुल गांधी ने भी किया ट्वीट, बोले अन्नदाता मांगे अधिकार, सरकार करे अत्याचार

Updated: Mar 06, 2021, 09:46 AM IST

नई दिल्ली। मोदी सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे आंदोलन के 100 दिन पूरे होने के बाद आज किसानों ने दिल्ली सीमा के पास हाई-वे और एक्सप्रेस वे को ब्लॉक कर दिया है। किसानों के आंदोलन के 100 दिन पूरे होने पर कांग्रेस ने भी किसानों के समर्थन में सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, अन्नदाता मांगे अधिकार और सरकार करे अत्याचार तो पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि आज 100 दिन पूरे हो गए किसानों पर प्रहार के। 

प्रियंका गांधी ने ट्विटर पर लिखा है, '100 दिन, किसानों के संघर्ष के, हक की लड़ाई के, अन्नदाता के सम्मान के, गांधी जी, सरदार पटेल, नेहरू जी, शास्त्री जी, शहीद भगत सिंह के दिखाए हुए रास्ते के। 100 दिन। भाजपा सरकार के अहंकार के, किसानों पर प्रहार के, झूठ और किसानों के तिरस्कार के।' 

प्रियंका ने इसके साथ ही एक वीडियो संदेश भी साझा किया है। इसमें बताया गया है कि किस तरह पिछले 100 दिनों में अन्नदाताओं के साथ केंद्र सरकार का रवैया रहा है। वीडियो में कहा गया, '100 दिन सत्ताई अत्याचार के, 100 दिन देश की आवाज के। ऊपर से देखिए तो 100 एक संख्या है, गहराई से देखें तो इन 100 दिनों में किसानों के संघर्ष, साहस, संयम, समझदारी और शांति नजर आएगी। इन्हीं सौ दिनों में सत्ता का अहंकार, अत्याचार, अन्याय और अड़ियलपन भी नजर आएगा। इन्हीं सौ दिनों में बॉर्डर से जवानों की लाशें नजर आएंगी, जो खुद के जिंदा होने और सत्ता के मृत होने की सुबूत देकर जाएगी। 

यह भी पढ़ें: किसान आंदोलन के 100 दिन बाद वेस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेवे ब्लॉक, टिकैत बोले, आखिरी सांस तक संघर्ष करेंगे

वीडियो में आगे कहा गया है कि इन सौ दिनों में आपको वह सब कुछ नजर आएगा जिनकी कोई आवश्यकता नहीं थी। न अन्नदाताओं को बॉर्डर पर बैठने की और न सत्ता को अड़ने की। साधारण सी तो मांग थी काले कानून की वापसी और एमएसपी का कानून। लेकिन अहंकारी शासन को किसानों की शहादत मंजूर है, लेकिन अपने गलत फैसलों पर दो कदम पीछे हटना मंजूर नहीं। इन सौ दिनों में साजिशें रची गई, अन्नदाता को बदनाम करने की, षड्यंत्र रचे गए आंदोलन को तोड़ने के, हथकंडे अपनाए गए आंदोलन को कमजोर करने के। इसके बावजूद देश का किसान डटा हुआ है। थाली में पड़ी रोटी और खेत में खड़ी फसल को उन्हीं हम दो हमारे दो की तिजोरियों में बंद होने से बचाने के लिए।'

अन्नदाता मांगे अधिकार, सरकार करे अत्याचार- राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने किसानों के समर्थन में सरकार के अत्याचार पर निशाना साधा है। राहुल ने ट्वीट किया, 'देश की सीमा पर जान बिछाते हैं जिनके बेटे, उनके लिए कीलें बिछाई हैं दिल्ली की सीमा पर।अन्नदाता माँगे अधिकार, सरकार करे अत्याचार!' 

कांग्रेस नेता ने एक अन्य ट्वीट में कहा, 'बीज बोकर जो धैर्य से फ़सल का इंतज़ार करते हैं, महीनों की प्रतीक्षा व ख़राब मौसम से वे नहीं डरते हैं! तीनों क़ानून तो वापस करने ही होंगे!' 

कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से किसानों के समर्थन में हैशटैग #100DaysOfBJParrogance का अभियान छेड़ रखा है। प्रदर्शनकारी किसानों के लिए कांग्रेस के इस हैशटैग को लाखों लोग इस्तेमाल कर रहे हैं और केंद्र सरकार से अन्नदाताओं की मांगें मानने की अपील कर रहे हैं।