गोवा के बाहरी राज्यों में ऑक्सीजन सिलेंडर की सप्लाई पर रोक, स्वास्थ्य मंत्री ने की घोषणा

कोरोना के बढ़ते कहर से गोवा भी अछूता नहीं है, लिहाज़ा गोवा की सरकार ने बाहरी राज्यों को ऑक्सीजन की सप्लाई पर रोक लगा दी है

Publish: Apr 17, 2021, 12:29 PM IST

नई दिल्ली। देश में बढ़ते कोरोना के संक्रमण से गोवा भी अछूता नहीं है। गोवा में कोरोना के तेज़ी से बढ़ते मामलों के बीच गोवा की भाजपा शासित सरकार ने बाहरी राज्यों में ऑक्सीजन की सप्लाई पर रोक लगा दी है। इस बात की जानकारी खुद राज्य के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने दी है। 

विश्वजीत राणे ने कहा है कि राज्य में बढ़ते कोरोना के संक्रमण के मामलों के कारण गोवा में ऑक्सीजन सिलेंडर की मांग काफी बढ़ गई है। राज्य की आवश्यकताओं को देखते हुए ऑक्सीजन सिलेंडर का निर्यात तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित कर दिया गया है। 

विश्वजीत राणे ने यह भी कहा कि राज्य के स्वास्थ्य सचिव को सभी जिलों के कलेक्टर से सामंजस्य स्थापित कर आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत आदेश जारी करने के लिए निर्देश दे दिया गया है।

बीते 24 घंटे में गोवा में 927 मामले सामने आए हैं। जिस वजह से राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 6,321 हो गई है। वहीं देश भर में बीते 24 घंटे में कोरोना के 2 लाख 34 हज़ार मामले सामने आए हैं। शुक्रवार को देश भर में कोरोना के कारण कुल 1,341 लोगों की मौत हो गई।