केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने रिसीव किया गुरु ग्रंथ साहिब, अफगानिस्तान से आई हैं गुरु ग्रंथ साहिब की तीन प्रतियां

अफगानिस्तान से आज 78 लोग भारत आए, लोगों के साथ साथ पवित्र गुरु ग्रंथ साहिब की तीन प्रतियां भी भारत आईं, जिन्हें केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने रिसीव किया

Publish: Aug 24, 2021, 06:10 AM IST

नई दिल्ली। अफगानिस्तान से आज सिख धर्म के पवित्र ग्रंथ गुरु ग्रंथ साहिब की प्रतियां भारत पहुंची। गुरु ग्रंथ साहिब की तीन प्रतियां आज दिल्ली पहुंची। गुरु ग्रंथ साहिब की इन प्रतियों को रिसीव करने के लिए खुद केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी एयरपोर्ट पहुंचे। 

हरदीप सिंह पुरी द्वारा गुरु ग्रंथ साहिब की प्रतियों को रिसीव किए जाने के बाद अब इन्हें काबुली गुरुद्वारा ले जाया जाएगा। गुरु ग्रंथ साहिब को पालकी के माध्यम से गुरुद्वारा ले जाया जाएगा। आज अफगानिस्तान से आए 78 लोग दिल्ली पहुंचे हैं। जिनमें 46 अफगान हिंदू और सिख शामिल हैं। इन्हीं लोगों के साथ अफगानिस्तान से गुरु ग्रंथ साहिब की प्रतियों को लाया गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक 100 से ज्यादा अफगान सिख और हिंदू आज ही भारत आने वाले हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अब तक 800 से ज्यादा लोगों को अलग अलग विमानों के जरिए अफगानिस्तान से हिंदुस्तान लाया जा चुका है। 

यह भी पढ़ें : 26 अगस्त को अफगानिस्तान मसले पर होगी सर्वदलीय बैठक, विदेश मंत्री देंगे ब्योरा

वहीं मोदी सरकार ने गुरुवार को अफगानिस्तान मसले के ऊपर बातचीत करने के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाई है। इस बैठक में विदेश मंत्री एस जयशंकर सदन के सदस्यों को अफगानिस्तान के ताजा हालात की जानकारी देंगे। यह बैठक गुरुवार को सुबह 11 बजे से शुरू होनी है। सर्वदलीय बैठक का न्योता मेल द्वारा भेज दिया गया है।