बेंगलुरु की पत्थर खदान में बड़ा हादसा, चट्टान गिरने से 9 मजदूरों की मौत और कई घायल
बेंगलुरु के मादापट्टना में गुरुवार सुबह पत्थर खदान में काम कर रहे मजदूरों पर 40 फीट ऊपर से भारी चट्टान गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में 9 मजदूरों की मौत हो गई। जबकि, कई घायल हैं।
बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के दक्षिण तालुक के मादापट्टना इलाके में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। वहां पत्थर की खदान में काम कर रहे 9 मजदूरों की जान चली गई। खदान में पत्थर तोड़ने के दौरान अचानक करीब 40 फीट ऊंचाई से एक विशाल चट्टान मजदूरों के ऊपर आ गिरी। जिसकी वजह से कई लोग मलबे में दब गए। हादसे के समय खदान में करीब 18 मजदूर काम कर रहे थे। मृतकों में अधिकांश बिहार के रहने वाले दिहाड़ी मजदूर हैं। जबकि, कुछ मजदूर असम के बताए जा रहे हैं। घटना में कई अन्य लोग घायल हुए हैं। फिलहाल उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मजदूर रोज की तरह खदान में पत्थर तोड़ने और खुदाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ऊपरी हिस्से से भारी चट्टान टूटकर नीचे आ गिरी। चट्टान इतनी तेजी से गिरी कि मजदूरों को संभलने या सुरक्षित स्थान पर पहुंचने का मौका तक नहीं मिल सका। देखते ही देखते कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़ें:छतरपुर के बंगला पान को मिला GI टैग, अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ेगी पहचान
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। बचाव टीमों ने तुरंत मलबा हटाने का अभियान शुरू किया और घायलों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अधिकारियों के मुताबिक, अभी भी यह सुनिश्चित करने के लिए मलबे की तलाशी ली जा रही है कि कहीं कोई अन्य मजदूर उसके नीचे फंसा न हो। प्रशासन ने पूरे इलाके को सुरक्षा के लिहाज से घेर लिया है।
पुलिस ने मृतकों की पहचान करने और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि चट्टान गिरने की वास्तविक वजह क्या थी और खदान में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। यदि जांच में लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:KCA ने हटाया पूर्व गेंदबाज श्रीसंत पर लगा बैन, बिना शर्त माफी के बाद लिया फैसला
इस हादसे पर कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। फिलहाल प्रशासन राहत कार्य के साथ-साथ पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटा हुआ है।




