महाराष्ट्र: ठाणे में इमारत का स्लैब गिरने से 7 की मौत, कई लोगों के फंसे होने की आशंका

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया। जिले के उल्हासनगर में एक रिहायशी इमारत की स्लैब गिरने से सात लोगों की मौत हो गई। अभी 3-4 लोगों के फंसे होने की आशंका है

Updated: May 29, 2021, 05:57 AM IST

Photo courtesy: patrika
Photo courtesy: patrika

ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक बड़ा हादसा हुआ है। जिले के उल्हासनगर में एक रिहायशी इमारत की छत गिरने से 7 लोगों की जान चली गई। 4 से 5 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं ठाणे नगर निगम घटना स्थल पर पहुँच कर राहत बचाव में जुटा है। इस इलाके में एक महीने में यह दूसरी घटना है।


राहत और बचाव कार्य (रीजनल डिजास्टर मैनेजमेंट सेल ) के चीफ संतोष कदम ने बताया कि नेहरू चौक एरिया में साईं सिद्धि के नाम से इमारत बनी हुई है। शुक्रवार को 5वीं मंजिल का छत ढह गया। मलबे से अब तक 7 शव निकाले जा चुके हैं। मलबे में अभी कुछ लोगों के फंसने की आशंका है। फायर ब्रिगेड और पुलिस के जवान फंसे हुए लोगों को निकालने में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि बिल्डिंग में 29 परिवार रहते थे।

 हादसे को लेकर ठाणे नगर निगम अधिकारी ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मलबे में फंसे हुए लोगों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। वहीं हादसे के मुख्य कारणों की जांच के लिए टीम का गठन किया जाएगा। निगम अधिकारी का कहना है कि टीम हादसे के मुख्य कारणों का पता लगा रही है, और हादसे का दोषी पाए जाने वाले के खिलाफ सख्त कड़ी कार्रवाई होगी।

बता दें उल्हासनगर टाउनशिप में  इसी महीने 15 मई को एक अवैध इमारत का छत ढह गया था। यह इमारत चार मंजिला थी और इसकी चौथी मंजिल का ही छत गिर गया था। हादसे में 5 लोगों की जान गई थी। बचाव टीम ने मलबे में दबे 11 लोगों को बाहर निकाला था।