बिहार के औरंगाबाद में बड़ा हादसा, छठ का प्रसाद बनाते वक्त सिलेंडर ब्लास्ट, 50 लोग झुलसे

औरंगाबाद के शाहगंज मुहल्ले के एक घर में महिलाएं छठ का प्रसाद बना रही थीं। तभी सिलेंडर में आग लगने के बाद ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में 7 पुलिसकर्मी समेत करीब 50 लोग घायल हैं।

Updated: Oct 29, 2022, 05:05 AM IST

औरंगाबाद। बिहार के औरंगाबाद में शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। यहां छठ का प्रसाद बनाते वक्त सिलेंडर ब्लास्ट होने से 50 लोग घायल हो गए। इनमें करीब 10 लोग बुरी तरह झुलस गए हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक यह घटना औरंगाबाद के शाहगंज मुहल्ले की है। यहां अनिल गोस्वामी के घर महिलाएं छठ का प्रसाद बना रही थीं। तभी सिलेंडर से गैस लीक के कारण घर में आग लग गई। आग लगने की खबर मिलते ही आस-पड़ोस के लोग भी आग बुझाने पहुंच गए। सूचना पाकर नगर थाना की पुलिस की गश्ती टीम भी वहां पहुंच गई और पुलिस कर्मी आग बुझाने का प्रयास करने लगे। 

यह भी पढ़ें: MP: जादू टोने के शक में ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को जिंदा जलाया, भीड़ ने एक को पीट-पीटकर मार डाला

मगर इसी दौरान सिलिंडर ब्लास्ट कर गया, जिसकी चपेट में 7 पुलिस वाले समेत कुल लगभग 50 लोग आ गये और झुलस गए। घायलों का तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक प्राथमिक उपचार के बाद अधिकांश लोगों की हालत सामान्य है। वहीं गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए बाहर भेजा गया है। जिला प्रशासन ने छठ के मौके पर लोगों से सावधान रहने की अपील की है और कहा है कि सावधानी से आगजनी के खतरों को टाला जा सकता है।

घर के मालिक अनिल गोस्वामी ने बताया कि उनके यहां छठ पर्व की तैयारियां चल रही थी। परिवार के सभी लोग प्रसाद बनाने में जुटे हुए थे। तभी गैस रिसने लगा और आग लगी। आग लगने के बाद लोग इधर-उधर भागने लगे। परिवार के लोग चीखने चिल्लाने लगे तो आसपास के मुहल्ले के लोग दौड़े और नगर थाना की पुलिस और दमकल की टीम को सूचना दी और वो भी पहुंचे। इसी दौरान अचानक रसोई गैस सिलेंडर फट गया, जिसके कारण यह हादसा हुआ।