घर में घुसकर नाबालिग से छेड़छाड़, विरोध करने पर दूसरी मंजिल से फेंका नीचे, दर्दनाक वीडियो आया सामने
उत्तरप्रदेश के मथुरा में बदमाशों के मंसूबे बुलंद, घर में घुसकर करने लगे छेड़छाड़, विरोध करने पर छत से नीचे फेंका, नाबालिग की रीढ़ की हड्डी टूटी

मथुरा। उत्तरप्रदेश के मथुरा जिले में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां तीन युवकों ने मिलकर एक नाबालिग लड़की को छत से नीचे फेंक दिया। दो मंजिल से नीचे फेंके जाने के बाद पीड़िता की रीढ़ की हड्डी टूट गई। घटना का खौफनाक सीसीटीवी फुटेज सामने आई है।
मामले पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा है कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा भगवान भरोसे है। प्रियंका ने ट्वीट किया, 'उप्र में महिलाओं के खिलाफ ऐसे अपराध हो रहे हैं कि रूह कांप जाए, लेकिन सरकार सो रही है। मथुरा में एक साल से लड़की को परेशान कर रहे गुंडों ने घर में घुसकर उसे छत से फेंक दिया। हमीरपुर में छेड़खानी से परेशान युवती ने आत्महत्या कर ली। जंगलराज में महिलाओं की सुरक्षा भगवान भरोसे है।'
उप्र में महिलाओं के खिलाफ ऐसे अपराध हो रहे हैं कि रूह कांप जाए, लेकिन सरकार सो रही है।
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) June 23, 2021
मथुरा में एक साल से लड़की को परेशान कर रहे गुंडों ने घर में घुसकर उसे छत से फेंक दिया। हमीरपुर में छेड़खानी से परेशान युवती ने आत्महत्या कर ली।
जंगलराज में महिलाओं की सुरक्षा भगवान भरोसे है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक घटना मथुरा जनपद के थाना छाता कोतवाली क्षेत्र का है। सीसीटीवी में कैद हुए फुटेज में देखा जा सकता है कि सोमवार रात करीब 8 बजे पल्सर बाइक पर सवार तीन युवक आते हैं। इसके थोड़ी देर बाद ऊपर से लडक़ी जमीन पर गिरते हुए दिखाई दे रही है।
उत्तरप्रदेश के मथुरा में बदमाशों के मंसूबे बुलंद, घर में घुसकर करने लगे छेड़छाड़, विरोध करने पर छत से नीचे फेंका, नाबालिग की रीढ़ की हड्डी टूटी@mathurapolice |@AjayLalluINC |#UttarPradesh pic.twitter.com/3JUCZ5QTqp
— humsamvet (@humsamvet) June 23, 2021
लड़की के परिजनों के मुताबिक तीनों आरोपियों ने घर में घुसकर लड़की से छेड़छाड़ करने लगे। इस दौरान बीच-बचाव में जब लड़की की मां आई तो उनके साथ मारपीट किया और लड़की को छत से उठाकर नीचे फेंक दिया। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। लड़की के भाई ने मीडिया को बताया है कि वे पिछले एक साल से मेरी बहन को परेशान कर रहे थे।
यह भी पढ़ें: उज्जैन कलेक्टर का तुगलकी फरमान, वैक्सीन नहीं तो वेतन नहीं, सरकारी कर्मचारियों को किया जा रहा बाध्य
इस घटना के बाद गंभीर रूप से घायल लड़की को स्थानीय लोगों के सहयोग से सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, स्थिति बिगड़ने के बाद उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। डॉक्टरों के अनुसार पीड़िता गंभीर रूप से घायल है और उसकी रीढ़ की हड्डी टूट गई है। मामले में मथुरा एएसपी ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।