कृषि कानूनों के खिलाफ मुंबई में जुटे हज़ारों किसान, शरद पवार होंगे शामिल

कृषि कानूनों के खिलाफ महाराष्ट्र में भी आंदोलन तेज़, किसानों को आज संबोधित करेंगे शरद पवार और आदित्य ठाकरे

Updated: Jan 25, 2021, 08:33 AM IST

Photo Courtesy: Twitter
Photo Courtesy: Twitter

मुंबई। केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ एक तरफ जहां देश की राजधानी दिल्ली में किसानों का डंका बज रहा है, तो वहीं दूसरी तरफ देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी हज़ारों की संख्या में किसान एकत्रित हो गए हैं। मुंबई के आजाद मैदान में महाराष्ट्र के हजारों किसान रैली में शामिल होने के लिए जमा हो रहे हैं। 

आज दोपहर खुद शरद पवार इन किसानों को संबोधित करने पहुंच रहे हैं। पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पवार के साथ साथ आदित्य ठाकरे और महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष बालासाहब थोराट भी रैली में शामिल होंगे। दरअसल महाराष्ट्र के नासिक, लातूर और भिवंडी जैसे शहरों से हज़ारों की संख्या में किसान रविवार रात को आजाद मैदान पहुंच गए। रविवार की रात किसानों ने आजाद मैदान में ही गुजारी। 

अब से थोड़ी देर बाद शरद पवार के सभास्थल पर पहुंचने के आसार हैं। वे केंद्र के कृषि कानूनों को लेकर किसानों को जागरूक करने के साथ साथ अपनी बात रखेंगे। रैली के बाद किसानों का एक समूह राजभवन की ओर भी मार्च निकालेगा। मार्च के बाद किसानों के प्रतिनिधि राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को ज्ञापन सौंपेंगे। 

दूसरी तरफ गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिल्ली में भी किसानों को ट्रैक्टर परेड की इजाज़त मिल गई है। किसान करीब सौ किलोमीटर की ट्रैक्टर यात्रा निकालने जा रहे हैं। हालांकि उत्तर प्रदेश सरकार किसानों की ट्रैक्टर परेड में खलल डालने के लिए उन्हें डीजल भरने से भी रोक रही है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश से सटे ज़िलों में पेट्रोल पंप पर किसानों को ट्रैक्टर में डीजल भरने नहीं दिया जा रहा है।