मुंबई में डॉक्टर की कोरोना से मौत, एक दिन पहले फेसबुक पर लिखा था, क्या पता ये मेरा आखिरी गुड मॉर्निंग हो

डॉक्टर मनीषा जाधव ने शनिवार को अपने फेसबुक पर पोस्ट लिखा था, रविवार को उनकी मौत हो गई

Publish: Apr 22, 2021, 03:28 AM IST

मुंबई। आर्थिक राजधानी मुंबई में एक 51 वर्षीय डॉक्टर की मौत हो गई। डॉक्टर की मौत के बाद उनका निधन से एक दिन पहले लिखा हुआ फेसबुक पोस्ट वायरल हो रहा है। जिसमें वे लोगों से स्वस्थ रहने की अपील कर रही हैं और कह रही हैं कि शायद वे इस प्लेटफॉर्म पर उनका आखिरी गुड मॉर्निंग हो। 

शायद मनीषा जाधव को अपनी मौत का अंदाज़ा हो गया था। इसलिए मनीषा ने रविवार को अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा था, 'ये शायद मेरा आखिरी गुड मॉर्निंग हो। मैं शायद आप लोगों से इस प्लेटफॉर्म पर न मिल पाऊं। आप सभी अपना खयाल रखें। शरीर मरता है, आत्मा नहीं। आत्मा अमर है।' 

रविवार को जब मनीषा ने फेसबुक पर यह पोस्ट लिखा था तब ज़्यादा लोगों ने ध्यान नहीं दिया था। लेकिन सोमवार को मनीषा के निधन की खबर सुनकर उनसे फेसबुक पर जुड़े लोगों का एकाएक ध्यान एक दिन पहले लिखे उनके पोस्ट पर गया। अब मनीषा का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है, और लोग भावुक भी हो रहे हैं। 

मनीषा जाधव मुंबई के सीवर तब अस्पताल में मुख्य चिकित्सा अधिकारी थीं। कोरोना से संक्रमित होने के बाद मनीषा इसी अस्पताल में भर्ती भी हुईं थीं। लेकिन मनीषा ज़िन्दगी और मौत की इस जंग को हार गईं। कोरोना के कारण महाराष्ट्र में मरने वाली मनीषा 18 वीं डॉक्टर हैं। महाराष्ट्र में अब तक कोरोना से 18 हज़ार डॉक्टर संक्रमित हो चुके हैं। टीकाकरण का दौर होने के बावजूद महाराष्ट्र में डॉक्टर कोरोना से संक्रमित भी हो रहे हैं और उनकी जान भी जा रही है।