परमबीर सिंह पर लगा कसाब का फोन गायब करने का आरोप, पूर्व पुलिस कमिश्नर पर कार्रवाई की मांग

पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह इस वक्त फरार चल रहे हैं, हालांकि परमबीर सिंह के ठिकाने के बारे में पता चल गया है

Updated: Nov 25, 2021, 03:19 AM IST

मुंबई। कोर्ट द्वारा भगौड़ा घोषित मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। परमबीर सिंह पर मुंबई आतंकी हमले के आतंकी अजमल कसाब का फोन गायब करने का आरोप लगा है। परमबीर सिंह पर यह आरोप मुंबई पुलिस के ही एक पूर्व अधिकारी ने लगाए हैं। पूर्व अधिकारी ने मौजूदा पुलिस कमिश्नर से परमबीर सिंह के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। 

मुंबई पुलिस के रिटायर एसीपी शमशेर सिंह पठान ने मुंबई पुलिस कमिश्नर को एक पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने दावा किया है कि जिस वक्त गिरगांव चौपाटी के पास अजमल कसाब को पकड़ा गया था, वहां मौके पर परमबीर सिंह भी मौजूद थे। कसाब के पास से एक फोन मिला था जिसे सिपाही कांबले ने अपने पास रख लिया था। 

रिटायर एसीपी के दावे के मुताबिक परमबीर सिंह ने सिपाही से यह फोन ले लिया और उसे अपने पास रख लिया। जबकि परमबीर सिंह को यह फोन जांच अधिकारी रमेश महाले को देना चाहिए था। ताकि इस हमले से जुड़े सुराग और अन्य कनेक्शंस का पता चल पाता। लेकिन परमबीर सिंह ने ऐसा करना मुनासिब नहीं समझा। पूर्व पुलिस अधिकारी ने मुंबई पुलिस कमिश्नर को बताया कि उन्हें यह बात डीबी मार्ग पुलिस थाने के अधिकारी पीआई माली ने बताया था। 

वसूली के आरोपों से घिरे मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह बीते कई महीनों से फरार चल रहे हैं। कोर्ट द्वारा उन्हें भगौड़ा भी घोषित किया जा चुका है। हालांकि बीते सोमवार को उन्हें सुप्रीम कोर्ट से संरक्षण मिल गया है। सुप्रीम कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। कोर्ट के सामने परमबीर सिंह ने यह दलील रखी थी कि महाराष्ट्र में उनकी जान को खतरा है। वकील ने बताया था कि परमबीर सिंह देश में ही हैं, वे भारत छोड़ कर नहीं भागे हैं। 

यह भी पढ़ें : भारत में ही हैं परमबीर सिंह, मुंबई आने से लगता है डर, वकील ने सुप्रीम कोर्ट को दी जानकारी

दूसरी तरफ परमबीर सिंह के ठिकाने का पता चल गया है। परमबीर सिंह ने खुद अपने ठिकाने की जानकारी दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक परमबीर सिंह इस वक्त चंडीगढ़ में हैं। पूर्व पुलिस कमिश्नर ने मीडिया से कहा है कि वे जल्द ही अपने खिलाफ चल रहे मुकदमों में जांच में सहयोग देंगे।