संसद कूच कर रहे हजारों किसानों को पुलिस ने नोएडा में रोका, दिल्ली-एनसीआर में भीषण जाम

नोएडा-ग्रेटर नोएडा के 149 गांवों के किसान अपनी मांगों को लेकर संसद कूच कर रहे हैं, इस वजह से पूरे दिल्ली-एनसीआर का ट्रैफिक व्यवस्था आउट ऑफ कंट्रोल हो गया। किसान दिल्ली मार्च के लिए अड़ गए हैं।

Updated: Feb 08, 2024, 05:48 PM IST

नोएडा। लोकसभा चुनाव से पहले किसानों के एक बार फिर केंद्र की मोदी सरकार के लिए मुश्किलें खड़ी 
कर दी है। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर के हजारों की संख्या में किसान सड़कों पर उतर आए हैं। किसानों ने संसद मार्च का ऐलान किया है। दिल्ली की ओर कूच कर रहे हजारों किसानों को पुलिस ने नोएडा बॉर्डर पर रोक दिया। हालांकि, किसान संसद मार्च के लिए अड़ गए हैं। 

किसानों के सड़कों पर आने की वजह से पूरे दिल्ली-एनसीआर का ट्रैफिक व्यवस्था आउट ऑफ कंट्रोल हो गया। पुलिस अधिकारी उन्हें समझाने की कोशिश कर रहे हैं हालांकि किसान मानने को तैयार नहीं हैं। वे दिल्ली मार्च के लिए अड़ गए हैं। दरअसल, किसान संसद का घेराव करके विरोध जताने की तैयारी में हैं। किसानों के मूवमेंट की वजह से यूपी-दिल्ली हाईवे जाम हो गया है। नोएडा एक्सप्रेस-वे बंद किया गया है।

जगह-जगह किसानों को रोका जा रहा है। पुलिस के साथ किसानों की नोकझोंक की सूचना आ रही है। ट्रैक्टर-ट्रॉली और पैदल ही दिल्ली की तरफ बढ़ रहे 200 किसानों को हिरासत में लिया गया है। चिल्ला बॉर्डर से पहले प्रेरणा स्थल के पास सड़क पर गाड़ियां लगाकर किसानों को रोका गया। करीब 1 घंटे की वार्ता के बाद किसानों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी। चिल्ला बार्डर की तरफ बढ़ने लगे। हालांकि, फिर किसानों को रोका गया है। 

वहीं, पुलिस ने बुजुर्ग महिलाओं को बसों में बैठाया। इसके अलावा धरना रथ किसानों को भी बसों के जरिए लेकर जा रहे हैं। नोएडा सेक्टर-18 से सेक्टर-16, सेक्टर-15 होते हुए न्यू अशोक नगर जाने वाले रास्ते पर भी भयंकर जाम लगा हुआ है। वाहन रेंग-रेंग कर चल रहे हैं। किसानो ने जेल भरो के नारे लगाए। लोगों ने कहा दिल्ली नहीं जाने दिया तो अब जेल में जा रहे हैं।

दरअसल नोएडा और ग्रेटर नोएडा में किसानों का अलग अलग जगह पर पिछले काफी दिनों से धरना प्रदर्शन चल रहा है। किसानों की मांग है कि 10% प्लॉट, आबादी का पूर्ण निस्तारण, बढ़ा हुआ मुआवजा, स्थानीय लोगों को रोजगार सहित अन्य मांगो को लेकर ये प्रदर्शन कर रहे हैं। जिसके बाद लंबे समय से किसानों की लड़ाई लड़ रहे किसान नेता सुखबीर खलीफा ने संसद भवन के घेराव का एलान किया है।

किसानों का आरोप 

- NTPC के मुआवजे में एक नीति नहीं 
- NTPC का अलग-अलग रेट पर मुआवजा 
- नौकरी देने का वादा पूरा नहीं किया गया 
- नोएडा अथॉरिटी ने 10% प्लॉट वापस लिए 
- अंसल बिल्डर ने किसानों को मुआवजा नहीं दिया