तवांग मामले पर संसद में आज भी हंगामे के आसार, चर्चा की मांग पर अड़ा विपक्ष

इससे पहले कल लोकसभा में राजनाथ सिंह ने कहा कि चीन ने एलएसी की स्थिति को बदलने की कोशिश की, जिसका भारतीय जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया।

Updated: Dec 14, 2022, 03:13 AM IST

नई दिल्ली। अरुणाचल प्रदेश के तवांग में भारत और चीन कै सैनिकों के बीच झड़प का मसला आज भी संसद में गूंज सकता है। विपक्ष इस मामले पर चर्चा की मांग को लेकर अड़ा हुआ है। 

दरअसल अरुणाचल के तवांग में भारत-चीन सैनिकों की झड़प के मुद्दे पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संसद में कल बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि, भारतीय सैनिकों ने चीनी सैनिकों को LAC से खदेड़ा था। रक्षा मंत्री के बयान से असंतुष्ट कांग्रेस का दोनों सदनों से वॉकआउट कर दिया था।

यह भी पढ़ें: तवांग पर संसद में हंगामा, पीएम मोदी से जवाब मांग रहा विपक्ष, संसद में राजनाथ का बयान

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लोकसभा और राज्यसभा में अपने बयान में कहा था, 'भारतीय सेना ने बहादुरी से पीएलए को हमारे क्षेत्र में अतिक्रमण करने से रोका और उसे अपनी चौकियों पर वापस जाने के लिए मजबूर कर दिया। झड़प में दोनों पक्षों के कुछ सैनिक घायल हो गए।' सिंह ने कहा कि भारतीय सेना ने नौ दिसंबर को अरुणाचल प्रदेश के यांग्त्से क्षेत्र में यथास्थिति को एकतरफा बदलने के चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के प्रयास को विफल कर दिया।

रक्षा मंत्री ने कहा कि इस घटना के पश्चात क्षेत्र के स्थानीय कमांडर ने 11 दिसंबर 2022 को अपने चीनी समकक्ष के साथ स्थापित व्यवस्था के तहत एक ‘फ्लैग मीटिंग' की और इस घटना पर चर्चा की। सिंह ने कहा, 'चीनी पक्ष को इस तरह के कार्यों से बचने और सीमा पर शांति बनाए रखने के लिए कहा गया है। इस मुद्दे को राजनयिक चैनलों के माध्यम से भी चीनी पक्ष के साथ उठाया गया है।'