30 घंटे की हिरासत के बाद प्रियंका गांधी गिरफ्तार, थोड़ी देर में कोर्ट में होगी पेशी

यूपी पुलिस ने प्रियंका गांधी के खिलाफ दस धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है, प्रियंका गांधी पर धारा 144 का उल्लंघन करने और शांति भंग करने की कोशिश करने का आरोप है

Updated: Oct 05, 2021, 01:41 PM IST

सीतापुर। प्रियंका गांधी को 30 घंटे तक हिरासत में रखने के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रियंका गांधी को यूपी पुलिस ने धारा 144 का उल्लंघन करने और शांति भंग करने की आशंका के मामले में गिरफ्तार किया है। कांग्रेस नेता पर करीब दस धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। यूपी पुलिस कुछ ही देर में कांग्रेस महासचिव को कोर्ट में पेश कर सकती है।  

प्रियंका गांधी समेत कुल 11 ग्यारह लोगों पर यूपी पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा और यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।

उधर प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी की खबर लगते ही गेस्ट हाउस के बाहर मौजूद कांग्रेस के कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाज़ी करना शुरु कर दिया। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं और यूपी पुलिस में झड़प भी देखने को मिली। प्रियंका गांधी की हिरासत के बाद से ही कांग्रेस के कार्यकर्ता भारी संख्या में पीएसी गेस्ट हाउस के बाहर डटे हुए हैं।

प्रियंका गांधी ने यूपी पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद से ही यूपी और केंद्र सरकार पर हमलावर रुख अपनाया हुआ है। प्रियंका गांधी ने आज ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक वीडियो संदेश साझा करते हुए पूछा था कि उन्हें बिना किसी वारंट और एफआईआर के हिरासत में लिया गया है, जबकि केंद्रीय मंत्री का बेटा हत्या करने के बावजूद खुलेआम आज़ाद घूम रहा है।

यह भी पढ़ें ः बिना FIR मुझे हिरासत में रखा है, लेकिन अन्नदाताओं को कुचलने वाला गिरफ्तार क्यों नहीं हुआ: प्रियंका गांधी

मृतक किसानों के परिजनों से मिलने लखीमपुर खीरी जा रहीं प्रियंका गांधी को सोमवार सुबह हिरासत में लेकर सीतापुर पीएसी गेस्ट हाउस में ले जाया गया था। कांग्रेस नेता को बिना किसी ऑर्डर और एफआईआर के पहले तो 30 घंटे तक हिरासत में रखा गया। और अब उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।  

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी से मिलने जा रहे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को लखनऊ एयरपोर्ट पर रोक लिया गया।सीएम भूपेश बघेल और सुरक्षाकर्मियों के बीच बातचीत का एक वीडियो कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से साझा किया गया है, जिसमें सीएम बघेल सुरक्षाकर्मियों से कहते सुनाई दे रहे हैं कि धारा 144 लखीमपुर में लगी हुई है, लखनऊ में नहीं।

वहीं सीएम  भूपेश बघेल के ट्विटर हैंडल से भी लखनऊ एयरपोर्ट की एक तस्वीर साझा की गई है। जिसमें भूपेश बघेल एयरपोर्ट पर रोके जाने का विरोध करते हुए नज़र आ रहे हैं। भूपेश बघेल और पंजाब के डिप्टी सीएम सुखजिंदर सिंह रंधावा सोमवार को ही लखनऊ पहुंचने वाले थे। लेकिन उत्तर प्रदेश सरकार ने एयरपोर्ट अथॉरिटी को पहले ही दोनों नेता के विमानों को एयरपोर्ट पर न उतरने देने के निर्देश जारी कर दिए।