Priyanka Gandhi : एक हफ्ते में 50 हत्याएं
Crime in UP : प्रियंका गांधी का आरोप योगी के राज में उत्तर प्रदेश बन गया अपराध प्रदेश

उत्तर प्रदेश में लगातार घट रही आपराधिक घटनाओं के बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने यूपी की योगी सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा है कि उत्तर प्रदेश अपराध के मामलों में देश भर में टॉप पहुंच चुका है।
प्रचार और हकीकत में ज़मीन आसमान का फर्क
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि वास्तविकता राज्य सरकार के प्रचार से एकदम अलग है। प्रियंका गांधी ने कहा है कि राज्य सरकार प्रचार में कहती है कि उसके कार्यकाल में प्रदेश अपराधमुक्त हो चुका है लेकिन सच्चाई कुछ और ही बयां कर रही है। प्रियंका गांधी ने अपने ट्विटर हैंडल से राष्ट्रीय स्तर पर अपराधों की सूची तैयार करने वाली संस्था एनसीआरबी के 2018 का एक आंकड़ा भी साझा किया है जो इस बात की तस्दीक करता है कि उत्तर प्रदेश हर तरह की आपराधिक घटनाओं में अव्वल है। डेटा के अनुसार उत्तर प्रदेश महिलाओं के साथ घटित होने वाले तमाम अपराध, अपहरण, दलितों के खिलाफ हिंसा और यहां तक कि पुलिस वालों के साथ होने वाली हिंसा में भी टॉप पर है।
पिछले एक हफ्ते में उप्र में करीब 50 हत्याएं हुईं।
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) July 5, 2020
सीएम के प्रचार में तो यूपी "अपराधमुक्त" हो चुका है लेकिन सच्चाई कुछ और ही है।
आँकड़ों के अनुसार कई अपराधों में यूपी पूरे देश में टॉप पर है।
आज फिर जौनपुर में एक नृशंस हत्या का मामला सामने आया।
अब बहुत हुआ। जवाबदेही किसकी है? pic.twitter.com/QUzePoQAKA
8 दिनों में हुई हत्याओं का आंकड़ा पेश किया
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने यूपी सरकार को राज्य में हो रही आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने में विफल बताते हुए पिछले 8 दिनों में राज्य भर में हुई हत्याओं का आंकड़ा पेश किया है। आंकड़े के मुताबिक पिछले 8 दिनों में उत्तर प्रदेश में कुल 50 हत्याएं हुई हैं। सबसे ज़्यादा हत्याएं 3 जुलाई को हुई हैं। राज्य में शुक्रवार 3 जुलाई को सबसे ज़्यादा 17 हत्याएं हुई हैं। ज्ञात हो कि शुक्रवार को ही कानपुर मुठभेड़ हुई थी जिसमें 8 पुलिस कर्मियों की जान चली गई थी। यहां पर रेखांकित करने योग्य बात यह है कि बीते हफ्ते राज्य भर में हुई हत्याओं का यह आंकड़ा केवल रिकॉर्डेड आंकड़ा है।हत्याओं का आंकड़ा इससे अधिक भी हो सकता है। ऐसे में प्रियंका गांधी ने योगी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करते हुए पूछा है कि आखिरकार प्रदेश में बेलगाम हो चकी कानून व्यवस्था की जवाबदेही किसकी है?