जनता को न्याय दिलाने में असफल है बीजेपी, किसान न्याय रैली में प्रियंका का वार
वाराणसी में प्रियंका गांधी ने किसान न्याय रैली को किया संबोधित, कहा, जो लोग न्याय मांगते हैं, उन्हें दबाने का काम करती है बीजेपी

वाराणसी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों का शंखनाद कर दिया है। प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र में बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी जनता को न्याय दिलाने में पूर्ण रूप से नाकाम रही है। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि जो लोग न्याय के लिए आवाज़ उठाते हैं, उन्हें बीजेपी दबाने का काम करती है।
प्रियंका गांधी ने किसान न्याय रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी पर भी तीखे हमले बोले। प्रियंका ने प्रधानमंत्री के पिछले लखनऊ दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आजादी का अमृत उत्सव तो मनाते हैं। लेकिन जिन लोगों ने आजादी दिलाई प्रधानमंत्री का उन लोगों से कोई सरोकार नहीं है। प्रधानमंत्री इस देश को आजादी दिलाने वाले किसानों से मिलने नहीं जाते। कांग्रेस नेता ने कहा कि लखनऊ से लखीमपुर महज दो घंटे की दूरी पर है, लेकिन प्रधानमंत्री किसानों के परिजनों का दर्द तक बांटने न जा सके।
इसके साथ ही प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश के मौजूदा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी निशाना साधा। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि जिस मंत्री के बेटे ने किसानों की निर्मम हत्या कर दी। उसी मंत्री के साथ मुख्यमंत्री न सिर्फ मंच साझा करते हैं, बल्कि मंत्री का बचाव करते हैं।
कांग्रेस नेता ने मृतक परिजनों का जिक्र करते हुए कहा कि वे लोग मुआवजा नहीं चाहते, बल्कि न्याय चाहते हैं। लेकिन यह सरकार न सिर्फ मृतकों के परिजनों को न्याय दिलाने में असफल है। चाहे वह हाथरस हो, उन्नाव हो या अब लखीमपुर खीरी हो। हर मर्तबा पीडितों के प्रति सरकार ने उदासीन रवैया ही अपनाया।
प्रियंका गांधी ने आज वाराणसी पहुंच कर काशी विश्वनाथ के दर्शन किए। इसके साथ ही उन्होंने दुर्गा मंदिर में भी पूजा अर्चना की। दर्शन करने के बाद जब कांग्रेस महासचिव मंच पर पहुंचीं तब लोगों की भारी भीड़ उन्हें सुनने के लिए उमड़ पड़ी। प्रियंका गांधी की रैली में भारी भीड़ की मौजूदगी ने बीजेपी की परेशानी बढ़ा दी है।