भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने खुद पर बरसाए कोड़े, बोनालु उत्सव का वीडियो वायरल

केरल में पारंपरिक मॉनसून उत्सव मनाते हुए लोग खुद के शरीर पर चाबुक चलाते हैं, तेलंगाना से गुजरते वक्त राहुल गांधी भी स्थानीय लोगों के साथ इस उत्सव में शामिल हुए और उनकी परंपराओं का निर्वहन किया।

Updated: Nov 04, 2022, 12:03 PM IST

हैदराबाद। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का आज 57वां दिन है। यात्रा तेलंगाना में है जहां राहुल गांधी के नेतृत्व में काफिला आगे बढ़ रहा है। इस दौरान राहुल गांधी का एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में राहुल गांधी एक भारी रस्सी के बने कोड़े को अपनी ही पीठ पर मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। ये बात सुनने में जरूर अटपटी लग रही है कि राहुल गांधी खुद को ही कोड़े मार रहे थे, लेकिन इसके पीछे की वजह बेहद दिलचस्प है।

दरअसल, तेलंगाना में एक पारंपरिक मॉनसून उत्सव मनाया जाता है जिसे बोनालु कहते हैं। इस उत्सव में स्थानीय युवक अपने शरीर पर हल्दी और चंदन का लेप लगाते हैं और चेहरे पर गाढ़ा लाल पेंट करते हैं, आंखों में काजल, पैरों में पायल बांधते हैं और अपने मुंह में गालों के बगल में नींबू दबा लेते हैं। लोगों को चाबुक मारने के लिए दो भारी रस्सियां उठाते हैं और अपनी जीभ बाहर निकालते हैं, इन्हें पोथाराजस कहा जाता है। राहुल गांधी के हाथों में दिख रहा चाबुक भी इसी उत्सव का हिस्सा है।

यात्रा के दौरान राहुल गांधी से स्थानीय लोगों ने उत्सव में शामिल होने का आग्रह किया था। फिर क्या था राहुल गांधी को चाबुक दिया गया। राहुल गांधी ने स्वयं के शरीर पर चाबुक चलाकर उनके परंपराओं का निर्वहन किया। राहुल गांधी यात्रा के दौरान एक बच्चे को कराटे की सही टेक्निक सिखाते दिखे। कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल पर आज की यात्रा की कुछ तस्वीरें व वीडियो भी पोस्ट किए हैं। इसमें राहुल गांधी एक बच्चे को कराटे की सही टेक्निक सिखाते हुए नजर आ रहे हैं। कांग्रेस ने इस वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा है, 'टेक्निक गलत हो तो देश तबाही के रास्ते पर चला जाता है, ये तो बच्चों के भविष्य का सवाल ठहरा।'

इसके अलावा कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आंध्र, तेलंगाना और दक्षिणी ओडिशा के आदिवासी लोगों के पारंपरिक लोक नृत्य 'धीमसा' की ताल में भी थिरकते दिखे। वे नृत्य प्रदर्शन करने वाले इन कलाकारों के साथ शामिल भी हुए। कांग्रेस ने राहुल गांधी के इस वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा 'जब Dhimsa की ताल पर ताल मिलाई राहुल गांधी ने...तेलंगाना के लोक नृत्य ने बिखरे अपने रंग।'

बता दें कि तेलंगाना चरण की भारत जोड़ो यात्रा आज यानी गुरूवार को रुद्राराम गांव से फिर से शुरू हुई। यहां भी यात्रा के दौरान भारत यात्रियों का वही जोश देखने को मिला जो पिछले 56 दिनों में दिखा। यात्रा को भारी सफलता मिल रही है। जिस रास्ते से भी यात्रा गुजर रही है। लोगों में यात्रा में शामिल होने को लेकर भारी जोश है। मानों वो इस यात्रा में शामिल हो इतिहास का हिस्सा बनने जा रहे हों।