वरिष्ठ पत्रकार वेद प्रताप वैदिक का निधन, 78 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

हिंदी भाषा के जाने माने पत्रकार डॉ वेद प्रताप वैदिक की आज सुबह बाथरूम में फिसल कर गिर जाने से मौत हो गई। डाॅ वैदिक का जन्म 30 दिसंबर 1944 को इंदौर में हुआ था।

Updated: Mar 14, 2023, 01:02 PM IST

नई दिल्ली। वरिष्ठ पत्रकार वेद प्रताप वैदिक का निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह करीब 9 बजे वे गुरुग्राम स्थित अपने आवास के बाथरूम में फिसल गये थे। इसके तुरंत बाद उन्हें घर के पास स्थित प्रतीक्षा अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया।

मध्य प्रदेश के इंदौर में जन्मे डॉ वेद प्रताप वैदिक हिंदी भाषा के जाने माने पत्रकार थे। उन्होंने 78 साल की उमर में अंतिम सांस ली। उन्होंने आतंकी हाफिज सईद का इंटरव्यू किया था, जो काफी चर्चा में रहा था। वैदिक वह एक राजनीतिक विश्लेषक और स्वतंत्र स्तंभकार थे। वो नियमित रूप से देशभर में चल रहे मुद्दों पर अपने विचार लिखते थे। 

डॉक्टर वैदिक ने पत्रकारिता, राजनीतिक चिंतन, अंतरराष्ट्रीय राजनीति, और हिंदी के क्षेत्र में लंबे समय तक काम किया। अंतरराष्ट्रीय मामलों में जानकार होने के साथ ही उनकी रुसी, फारसी, जर्मन और संस्कृत भाषा पर पकड़ रही। उन्होंने अपनी पीएचडी के शोधकार्य के दौरान न्यूयार्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी, मॉस्को के ‘इंस्तीतूते नरोदोव आजी’, लंदन के ‘स्कूल ऑफ ओरिंयटल एंड अफ्रीकन स्टडीज़’ और अफगानिस्तान के काबुल विश्वविद्यालय में अध्ययन और शोध किया।

डॉ वैदिक ने अंतरराष्ट्रीय राजनीति में जेएनयू से पीएचडी की थी। वह चार साल तक दिल्ली में राजनीति शास्त्र के टीचर रहे। फिलॉस्फी और राजनीतिशास्त्र में भी उनकी काफी दिलचस्पी रही। उन्होंने न्यूज एजेंसी पीटीआई के हिंदी उपक्रम भाषा की स्थापना की थी और वह उसके पहले संपादक भी थे। इसके अलावा, वह टाइम्स ग्रुप के नवभारत टाइम्स से भी जुड़े रहे। डॉ वैदिक के निधन से मीडिया जगत में शोक की लहर है।