भारत जोड़ो न्याय यात्रा का छठा दिन, राहुल गांधी ने निमाती घाट से माजुली तक नाव से पार की ब्रह्मपुत्र नदी

असम के मुख्यमंत्री बौखलाए हुए हैं, हिमंता बिस्व सरमा पूरी कोशिश कर रहे हैं कि लोग सड़क पर न आएं और राहुल गांधी को न देख पाएं, भारत जोड़ो न्याय यात्रा को कोई नहीं रोक सकता: कांग्रेस

Updated: Jan 19, 2024, 03:53 PM IST

कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आज छठा दिन है। यात्रा आज असम में ही आगे बढ़ रही है। राहुल गांधी ने शुक्रवार को नाव से ब्रह्मपुत्र नदी पार की। उन्होंने जोरहाट के निमाती घाट से माजुली तक की दूरी नाव से तय कर दुनिया के सबसे बड़े नदी द्वीप माजुली पहुंचे।

कांग्रेस की इस यात्रा में रुकावट पैदा करने की भी कोशिशें शुरू कर दी है। भाजपा शासित असम की पुलिस ने यात्रा के आयोजक के खिलाफ मुकदमा दर्ज की है। आरोप है कि असम के जोरहाट शहर के अंदर पूर्वनिर्धारित मार्ग के बजाय यात्रा दूसरे रास्ते से आगे बढ़ा। ऐसे में यात्रा के आयोजक व राहुल गांधी के सहयोगी केबी. बायजू के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। 

एफआईआर के संबंध में जानकारी देते हुए अधिकारियों ने कहा कि अनुमति के अनुसार, यात्रा को केबी रोड की ओर से जाने की अनुमति थी। लेकिन इस रास्ते पर जाने की बजाय यह शहर में एक अन्य मार्ग से चली गई, जिससे क्षेत्र में भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। अचानक भीड़ के कारण कुछ लोग गिर गए। घटना का स्वत: संज्ञान लेते हुए यात्रा और उसके प्रमुख आयोजक के खिलाफ जोरहाट सदर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।

मामले पर असम के नेता प्रतिपक्ष देबब्रत सैकिया ने कहा किया कि एफआईआर यात्रा के रास्ते में अनावश्यक बाधाएं खड़ी करने की एक चाल है। पीडब्ल्यूडी प्वाइंट के ट्रैफिक डायवर्जन पर कोई पुलिस तैनात नहीं थी। हमारे साथ भीड़ बहुत बड़ी थी और निर्धारित मार्ग बहुत छोटा था। उन्‍होंने कहा कि हिमंत बिस्वा सरमा को असम में यात्रा के सफल होने का डर है, इसलिए अब यात्रा को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं।

वहीं, कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने कहा कि असम के मुख्यमंत्री बौखलाए हुए हैं, भारत जोड़ो न्याय यात्रा को कोई नहीं रोक सकता। हमने कोई नियम नहीं तोड़ा। असम के सीएम हिमंता बिस्व सरमा पूरी कोशिश कर रहे हैं कि लोग सड़क पर न आएं और राहुल गांधी को न देख पाएं। उन्हें जो कुछ करना है, करने दीजिए। हमें जो कुछ करना है, वो हम करेंगे।