वे मेरे ऊपर केस लगा रहे हैं, वे डरे हुए हैं क्योंकि असम की जनता कांग्रेस के साथ खड़ी है: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि असम के CM का सिर्फ एक ही काम है- नफरत फैलाना, एक धर्म को दूसरे धर्म से लड़ाना, एक भाषा को दूसरी भाषा से लड़ाना।

Updated: Jan 23, 2024, 07:41 PM IST

गुवाहाटी। कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में असम की भाजपा सरकार द्वारा लगातार विघ्न डालने की कोशिशें की जा रही है। मंगलवार सुबह यात्रा को गुवाहाटी शहर में प्रवेश करने से असम पुलिस ने रोक दिया। अब सीएम हिमांता बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। इसपर राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे मेरे ऊपर केस लगा रहे हैं, क्योंकि वे डरे हुए हैं।

राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दसवें दिन यानी मंगलवार शाम जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि असम के मुख्यमंत्री सोचते हैं कि वह किसी को भी डरा सकते हैं, लेकिन कांग्रेस पार्टी डरने वाली नहीं है। वे मेरे ऊपर केस लगा रहे हैं, क्योंकि उनके दिल में डर है। वे डरे हुए हैं कि असम की जनता कांग्रेस के साथ खड़ी है। असम के CM का सिर्फ एक ही काम है- नफरत फैलाना, एक धर्म को दूसरे धर्म से लड़ाना, एक भाषा को दूसरी भाषा से लड़ाना। ऐसे में जब असम की जनता आपस में लड़ने लगती है, तब BJP के लोग आपका पैसा अपनी जेब में डाल लेते हैं।

राहुल गांधी ने आगे कहा, 'मैंने कुछ दिन पहले असम के मुख्यमंत्री का एक ट्वीट देखा, जिसमें वो कहते हैं- 
पिछड़ी जाति के लोग सामान्य जाति की सेवा करने के लिए पैदा हुए हैं। इससे बड़ा अपमान पिछड़ी और दलित जाति का कोई नहीं कर सकता है। आपका अपमान किया जा रहा है, आपको चुप नहीं रहना चाहिए। आपको CM के सामने अपनी बात रखनी चाहिए। मैं कहता हूं- OBC, दलित, आदिवासी और माइनॉरिटी वर्ग के लोग किसी से कम नहीं हैं।' 

कांग्रेस नेता ने आगे कहा, 'असम के युवाओं को यहां के मुख्यमंत्री व देश के गृहमंत्री दबा नहीं सकते हैं।असम का अपना इतिहास, अपनी भाषा, अपनी संस्कृति है। उसको कोई नहीं मिटा सकता है। अगर कुछ लोग सोच रहे हैं कि- वह असम के लोगों को डरा देंगे, तो यह कभी नहीं हो सकता है। यहां की जनता न डरी है और न डरेगी। आने वाले चुनाव में यहां कांग्रेस की लहर आने वाली है। कांग्रेस पार्टी असम, मणिपुर, नागालैंड, अरुणाचल में नफरत मिटाकर मोहब्बत की दुकान खोलना चाहती है। हमारा काम देश को जोड़ने का है।'

बता दें कि राहुल की न्याय यात्रा 18 जनवरी को नगालैंड से असम पहुंची थी। 20 जनवरी को यात्रा अरुणाचल प्रदेश गई, फिर 21 को असम लौट आई। इसके बाद यात्रा 22 जनवरी को मेघालय निकली और मंगलवार को एक बार फिर असम पहुंची। राहुल की न्याय यात्रा 25 जनवरी तक असम में रहेगी।