उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा रद्द , पेपर लीक होने से 21 लाख से ज्यादा छात्रों का भविष्य अंधकार में
सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बाद भी उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा का पेपर व्हाट्सएप पर पेपर लीक, प्रयागराज, मेरठ और गाजियाबाद से एक दर्जन से ज्यादा लोगों की हुई गिरफ्तारी, महीनेभर में दोबारा पेपर आयोजित करने का एलान

लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा रद्द कर दी गई है। यह परीक्षा आज रविवार 28 नवंबर को आयोजित होने वाली थी। पेपर के दौरान प्रश्नपत्र लीक हो जाने की वजह से शिक्षक पात्रता परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। वॉट्सऐप पर पेपर वायरल होने के बाद मामला सामने आया है। बेसिक शिक्षा विभाग ने इसके बाद परीक्षा को निरस्त करने का फैसला लिया है। UPTET 2021 का पेपर गाजियाबाद, मथुरा, बुलंदशहर में वायरल हुआ था। जैसे ही लोगों को पता चला कि पेपर आउट हो गया है, उम्मीदवारों में गुस्सा फूट पड़ा। कई जगहों पर एग्जाम सेंटर के बाहर अफरातफरी की स्थिति बन गई।
वहीं इस मामले के सामने आने पर एसटीएफ ने राज्य में कई स्थानों पर छापा मारा। टीम ने प्रयागराज, मेरठ और गाजियाबाद से कई संदिग्धों को हिरासत में लिया। उत्तर प्रदेश सरकार ने एक महीने के भीतर ही परीक्षा की नई तिथियों के एलान का दावा किया है।
इस परीक्षा में राज्य के करीब 21.5 लाख अभ्यार्थी शामिल होने वाले थे। परीक्षा कुल 2,554 केंद्रों पर आयोजित होनी थी। जिसमें नकल रोकने के लिए कई कड़े नियम बनाए गए थे। परीक्षा केंद्र पर नजर रखने के लिए CCTV लगाए गए थे जिनकी मानीटरिंग कंट्रोल रूम से होनी थी।